विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2021-23 के फाइनल में भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। ऑस्ट्रेलिया ने 209 रन से मैच अपने नाम किया और पहली बार टेस्ट चैंपियन बनने का गौरव भी हासिल किया। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के बाद से ही विराट को उनके खराब शॉट चयन के लिए निशाना बनाया जा रहा है। भारत के कई पूर्व क्रिकेटर उनके प्रदर्शन पर सवाल उठा रहे हैं। कोहली तभी से ही इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए सांकेतिक जवाब दे रहे हैं। एक बार फिर से कोहली ने एक पोस्ट के जरिए संदेश भेजने की कोशिश की है, जहां उन्होंने "बदलाव" की बात कही है।
विराट कोहली ने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी लगाई। इसमें उन्होंने एलन वॉट्स की कही गई बात लिखी। कोहली की इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा गया "परिवर्तन को सार्थक करने का एकमात्र तरीका है यह है कि उसमें डूब जाएं, उसके साथ चलें और बदलाव में शामिल हों।"
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की हार के बाद कोहली का टेस्ट कप्तानी छोड़ने का निर्णय चर्चा में रहा है। पू्र्व खिलाड़ी सौरव गांगुली उस समय भारतीय क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष थे, जब कोहली ने भारत की टेस्ट कप्तानी छोड़ी थी। एक इंटरव्यू के दौरान गांगुली ने बताया कि उन्हें कोई अंदाजा नहीं है कि कोहली जैसे स्टार बल्लेबाज ने ऐसा कदम क्यों उठाया था।
गांगुली ने कहा "नहीं, बोर्ड कोहली की टेस्ट कप्तानी छीनने के लिए तैयार नहीं था। दक्षिण अफ्रीका की सीरीज के बाद नहीं। मैं नहीं जानता उन्होंने ऐसा क्यों किया, यह वही बता सकते हैं। विराट के कप्तानी छोड़ने के बाद रोहित ही उस समय हमारा सबसे बेहतरीन विकल्प था। कोहली काफी अच्छे कप्तान थे, भारत ने उनके और रवि शास्त्री के नेतृत्व में काफी अच्छा खेल दिखाया। भारत बिना डरे एक अलग आत्मविश्वास के साथ ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड जैसे देशों में खेला। अगर वह उस समय मैनचेस्टर टेस्ट में खेलते, तो हम वह सीरीज भी जीत सकते थे।"
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के बाद विराट कोहली क्रिकेट से दूर आराम कर रहे हैं। भारतीय टीम के सभी खिलाड़ी आईपीएल और टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के बाद आराम कर रहे हैं। सभी खिलाड़ियों को लगभग एक महीने का आराम दिया गया है। इसके बाद भारतीय टीम वेस्टइंडीज का दौरा करेगी। 12 जुलाई से शुरू हो रहे इस दौरे में टीम इंडिया दो टेस्ट, तीन वनडे और पांच टी20 मैच खेलेगी। इस दौरे का आखिरी मैच 13 अगस्त को खेला जाएगा।
विराट अभी में खेल से दूर, ब्रेक का आनंद ले रहे हैं, भारतीय टीम ने अगले महीने शुरू होने वाले वेस्टइंडीज दौरे तक किसी भी क्रिकेट प्रतियोगिता में भाग नहीं लेगा।