भारत दौरे पर आई इंग्लैंड टीम के तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने इंडिया 'ए' के खिलाफ ड्रॉ हुए तीन दिवसीय अभ्यास मैच में अपनी टीम के प्रदर्शन पर खुशी जताई है। एंडरसन ने कहा, 'मुझे लगता है कि यह अच्छा अनुभव था। यात्रा के बाद भारत पहुंचते ही तुरंत खेलने के लिए उतरना वाकई एक कठिन कार्य है लेकिन मुझे लगता है कि हम वह सब पाने में कामयाब रहे जिसकी हमें जरूरत थी। गेंदबाजों ने अच्छे विकेट लिए और कुछ बल्लेबाजों ने अच्छी पारियां खेलीं। हमें इसी की अपेक्षा थी।'
इंग्लैंड के तेज गेंदबाज ने कहा कि हमारे दो बल्लेबाजों ने शतक लगाए और दो ने अर्द्धशतकीय पारी खेली। निचले क्रम के बल्लेबाजों ने उपयोगी योगदान किया। मुझे लगता है कि हम टेस्ट मैचों में भी ऐसा ही प्रदर्शन करेंगे। कुक ने जबर्दस्त पारी खेली। आप उनसे ऐसी उम्मीद लगा सकते हैं। मैट प्रायर ने भी आखिरी दिन लाजवाब बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया।