सार
पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय बांगड़ की बेटी अनाया बांगड़ एक बार फिर चर्चा में हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान उनसे तीन भारतीय क्रिकेटर्स को लेकर ऐसा सवाल पूछा गया, जिस पर उनका जवाब अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। आखिर अनाया ने क्या कहा और क्यों हो रही है उनके जवाब की चर्चा?
पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय बांगड़ की बेटी अनाया बांगड़ एक बार फिर चर्चा में हैं। हाल ही में दिए गए एक इंटरव्यू में उनके जवाब का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस इंटरव्यू के दौरान अनाया से भारतीय क्रिकेट टीम के तीन चर्चित खिलाड़ियों को लेकर एक दिलचस्प सवाल पूछा गया था।
अनाया बांगड़
- फोटो : Anaya Bangar (instagram)
श्रेयस अय्यर, अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल को लेकर क्या बोलीं अनाया?
कृष्णांक अत्रे के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान अनाया बांगड़ से 'किल, मैरी, हुकअप' गेम खेलने के लिए कहा गया। इसमें उन्हें श्रेयस अय्यर, अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल में से अपनी पसंद बतानी थी। इस पर अनाया ने जवाब दिया, 'श्रेयस अय्यर को किल, अभिषेक शर्मा से शादी और शुभमन गिल के साथ हुकअप।' उनके इस जवाब का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और क्रिकेट फैंस के बीच इसकी चर्चा हो रही है।
क्रिकेट में वापसी की तैयारी कर रही हैं अनाया बांगड़
अनाया बांगड़ क्रिकेट के मैदान पर वापसी करने की तैयारी में हैं। वह पहले मुंबई में आयु-वर्ग पुरुष क्रिकेट खेल चुकी हैं। उनकी जेंडर ट्रांजिशन की प्रक्रिया साल 2022 में शुरू हुई थी और उन्होंने मार्च में जेंडर-अफर्मिंग सर्जरी कराई। अब अनाया ऑस्ट्रेलिया जाकर अपना क्रिकेट करियर दोबारा शुरू करने की योजना बना रही हैं। इसी सिलसिले में उन्होंने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) से महिला क्रिकेट में ट्रांसजेंडर खिलाड़ियों की भागीदारी के लिए स्पष्ट नीति बनाने की अपील भी की है।
अनाया बांगड़
- फोटो : Instagram
बीसीसीआई से की क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया जैसी नीति बनाने की अपील
अनाया ने इस महीने की शुरुआत में हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत के दौरान कहा था कि बीसीसीआई को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की नीति से सीख लेनी चाहिए। उनका मानना है कि अगर भारतीय बोर्ड भी इस दिशा में कदम उठाता है, तो इससे ट्रांसजेंडर खिलाड़ियों के लिए महिला क्रिकेट में भागीदारी का रास्ता खुल सकता है। अनाया ने कहा कि अगर बीसीसीआई ऑस्ट्रेलिया की तरह नीति अपनाता है, तो यह एक अच्छा कदम होगा। वह चाहती हैं कि उनकी क्रिकेट में वापसी के लिए भी स्पष्ट नियम और दिशा-निर्देश हों।
अनाया बांगड़
- फोटो : Anaya Bangar (instagram)
मारिजन कप ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के फैसले की आलोचना की
महिला क्रिकेट में ट्रांसजेंडर खिलाड़ियों की भागीदारी का मुद्दा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बहस का विषय बना हुआ है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के फैसले पर दक्षिण अफ्रीका की ऑलराउंडर मारिजन कप ने भी आपत्ति जताई थी। कप ने सोशल मीडिया पर महिला बिग बैश लीग के आधिकारिक हैंडल को टैग करते हुए इस फैसले को बिल्कुल हास्यास्पद बताया था। उनकी इस टिप्पणी के बाद इस मुद्दे पर बहस और तेज हो गई। हालांकि, अनाया ने कप की आलोचना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह समझ सकती हैं कि उनकी चिंता किस वजह से है। इसके साथ ही उन्होंने अपने मामले में किए गए वैज्ञानिक परीक्षणों का हवाला दिया।
अनाया बांगड़
- फोटो : Instagram
'हर खिलाड़ी के मामले का अलग-अलग आकलन होना चाहिए'
अनाया ने अपने शरीर में हार्मोनल बदलावों के बाद आए परिवर्तनों के बारे में भी बात की। उन्होंने बताया कि सर्जरी के बाद उनके शरीर में टेस्टोस्टेरोन का स्तर 0.6 नैनोमोल प्रति लीटर रह गया है। उनके अनुसार, उन्हें हड्डियों के घनत्व में कमी, मांसपेशियों के घटने और स्टैमिना कम होने जैसी समस्याओं का अनुभव हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि अब वह पहले की तरह वर्कआउट नहीं कर पाती हैं। अनाया का मानना है कि महिला क्रिकेट में ट्रांसजेंडर खिलाड़ियों की भागीदारी से जुड़े नियम बनाते समय प्रत्येक खिलाड़ी की परिस्थितियों का अलग-अलग आकलन किया जाना चाहिए। उनका कहना है कि सभी ट्रांस महिलाओं के लिए एक ही निष्कर्ष निकालना उचित नहीं है और हर मामले में संभावित शारीरिक लाभ को अलग-अलग तरीके से समझने की जरूरत है।
अनाया बांगड़
- फोटो : Instagram
ऑनलाइन ट्रोलिंग पर भी बोलीं अनाया
जेंडर-अफर्मिंग सर्जरी के बाद ऑनलाइन आलोचना और ट्रोलिंग का सामना करने के बारे में अनाया ने कहा कि आलोचना करने वाले लोगों ने उनकी परिस्थितियों का अनुभव नहीं किया है। उन्होंने कहा, 'उन्होंने वह अनुभव नहीं किया है, जिससे मैं गुजरी हूं।'