तेज गेंदबाज डेल स्टेन और लेफ्ट आर्म स्पिनर रॉबिन पीटरसन की घातक गेंदबाजी के बाद कप्तान ग्रीम स्वान और हाशिम अमला के शानदार पचासों से दक्षिण अफ्रीका ने तीसरे और निर्णायक टेस्ट मैच में मेजबान ऑस्ट्रेलिया को हार की ओर धकेल दिया है। दक्षिण अफ्रीका के पहली पारी में बनाए 225 रन के जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम सिर्फ 163 रन बनाकर सिमट गई। इस तरह दक्षिण अफ्रीका को पहली पारी के आधार पर 62 रन की अहम बढ़त हासिल हुई।
दूसरी पारी खेलने उतरी दक्षिण अफ्रीका के ओपनर एल्विरो पीटरसन (23) जल्द आउट हो गए। लेकिन कप्तान ग्रीम स्मिथ और हाशिम अमला ने दूसरे विकेट के लिए 6.68 प्रति ओवर की ताबड़तोड़ औसत से 178 रन जोड़कर ऑस्ट्रेलिया को बैकफुट पर धकेल दिया। स्मिथ 100 गेंदों में तीन चौकों के साथ 84 रन बनाकर आउट हुए।
स्टंप तक दक्षिण अफ्रीका ने दो विकेट पर 230 रन बना लिए थे और उसकी कुल बढ़त 292 रन की हो गई थी। अमला 84 गेंदों में 10 चौकों के साथ 99 और जाक कालिस 24 गेंदों में तीन चौकों के साथ 17 रन बनाकर क्रीज पर टिके थे। सुबह, ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पारी दो विकेट पर 33 रन से आगे बढ़ाई। लेकिन स्टेन की घातक गेंदबाजी से ऑस्ट्रेलिया के शीर्ष छह बल्लेबाज 45 रन पर पेवेलियन लौट गए।
अपना आखिरी टेस्ट मैच खेल रहे रिकी पोंटिंग सिर्फ चार रन बनाकर आउट हो गए। निचलेक्रम पर मैथ्यू वाडे ने 68 और जॉन हेस्टिंग ने 32 रन की उपयोगी पारियां खेली। स्टेन ने चार और पीटरसन ने तीन विकेट चटकाए।