भारतीय टीम ने एशिया कप के लिए तैयारी शुरू कर दी है और टीम खिताब के बचाव के लिए तैयार है। भारत ने शुक्रवार को अपने पहले नेट सीजन में हिस्सा लिया। टीम के अनुभवी ऑलराउंडर शिवम दुबे ने बताया कि इस टूर्नामेंट से पहले उन्हें मुख्य कोच गौतम गंभीर से प्रेरणा मिली। भारत एशिया कप में अपने अभियान की शुरुआत 10 सितंबर से करेगा।
एशिया कप में प्रभाव छोड़ने के लिए उत्सुक होंगे शिवम
शिवम दुबे ने 2024 टी20 विश्व कप में भारत को मिली खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई थी और अब वह एशिया कप में भी अपना प्रभाव छोड़ने के लिए उत्सुक होंगे। उन्होंने बताया कि गंभीर ने किस तरह टीम के सदस्यों को प्रेरित किया। शिवम दुबे ने मुख्य कोच गौतम गंभीर की तारीफ की। उन्होंने कहा, 'कोच ने हमेशा हर खिलाड़ी से एक बात कही है कि जब भी आप अपने देश के लिए खेलते हैं तो आपको कुछ नया करने का मौका मिलता है। यह बस उस ट्रेनिंग का उपयोग करने और एक बेहतर क्रिकेटर बनने की कोशिश करने के बारे में था।'
भारत ने नेट सत्र में बहाया पसीना
भारत ने रिकॉर्ड आठ बार एशिया कप जीता है। ग्रुप ए में भारत, पाकिस्तान, यूएई और ओमान जबकि ग्रुप बी में श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान और हांगकांग शामिल हैं। भारतीय टीम ने दुबई पहुंचने के साथ ही एशिया कप के लिए तैयारियां शुरू कर दी है। भारत ने शुक्रवार को आईसीसी अकादमी ओवल में पहले नेट सत्र में हिस्सा लिया। अभ्यास सत्र के दौरान शुभमन गिल ने नेट पर लंबा समय बिताया और इस दौरान उन्होंने तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की गेंदों का भी सामना किया। वहीं, संजू सैमसन ने उमस भरी गर्मी में 30 मिनट तक बल्लेबाजी अभ्यास किया। नेट सत्र से पहले भारतीय खिलाड़ियों ने वार्मअप किया। वहीं, टीम के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने शिवम दुबे के रन अप और एक्शन पर करीब से निगरानी रखी।