दरअसल, चीफ सेलेक्टर के तौर पर जुड़ने से पहले अगरकर आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के असिस्टेंट कोच थे। उससे पहले वह मुंबई की सीनियर टीम के मुख्य चयनकर्ता के पद पर भी रह चुके हैं। इतना ही नहीं वह कमेंटेटर भी रह चुके हैं। ऐसे में एक कोच के रूप में उनकी सैलरी कहीं ज्यादा थी। इसके अलावा वह कई अन्य प्रोफेशनल कामों से भी जुड़े हुए थे। एक कमेंटेटर और कोच के रूप में वह मुख्य चयनकर्ता की तुलना में ज्यादा कमा सकते थे। चीफ सेलेक्टर की मौजूदा सैलरी एक साल में एक करोड़ रुपये है। पूर्व चीफ सेलेक्टर चेतन शर्मा को यही सैलरी मिल रही थी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीसीसीआई अगरकर को उनके अनुभव और सिन्योरिटी की वजह से चीफ सेलेक्टर बनाना चाहता था। साथ ही बोर्ड कोई ऐसा सेलेक्टर चाहता था जिसने अंतरराष्ट्रीय करियर में टी20 भी खेला हो। इसी वजह से अगरकर इस पद के लिए आवेदन करने वाले एकमात्र व्यक्ति थे। अगरकर 2007 में टी20 चैंपियन बनने वाली टीम इंडिया का हिस्सा भी रह चुके हैं। वह बीसीसीआई के सभी मानदंडों पर खरे उतर रहे थे। ऐसे में बीसीसीआई ने उनकी सैलरी बढ़ाने में भी देरी नहीं की। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीसीसीआई चीफ सेलेक्टर पद के लिए सैलरी एक करोड़ रुपये से तीन करोड़ रुपये प्रति वर्ष करने पर सहमत हो गया है। यानी इसमें करीब 200 प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी। इस पर फैसला शुक्रवार को बीसीसीआई अपेक्स काउंसिल की मीटिंग में लिया जाएगा।
अगरकर की चयन समिति में शिव सुंदर दास, सलिल अंकोला, सुब्रतो बनर्जी और एस शरथ मौजूद हैं। ऐसा माना जा रहा है कि इनकी सैलरी में भी बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, इसको लेकर कोई अपडेट नहीं है। चयन समिति के बाकी सदस्यों की सैलरी प्रति वर्ष 90 लाख रुपये है। इसको लेकर भी अपेक्स काउंसिल की मीटिंग में बातचीत हो सकती है।
अजीत अगरकर ने टीम चुनी है
- फोटो : सोशल मीडिया
अगरकर की अगुआई में बुधवार को चयन समिति ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का चयन किया। अगरकर भी रोहित शर्मा और विराट कोहली को टी20 फॉर्मेट से बाहर रखने के पक्ष में दिखे। विंडीज के खिलाफ भी इन दोनों का चयन नहीं किया गया। वहीं, टीम में यशस्वी जायसवाल और तिलक वर्मा जैसे आईपीएल स्टार्स की एंट्री हुई है। वहीं, तेज गेंदबाज मुकेश कुमार को भी टीम में शामिल किया गया है।
टीम का नेतृत्व हार्दिक पांड्या करेंगे। वहीं, सूर्यकुमार यादव उपकप्तान रहेंगे। पृथ्वी शॉ, राहुल त्रिपाठी, शिवम मावी और दीपक हुड्डा को खराब फॉर्म के चलते टीम से बाहर किया गया है। वॉशिंगटन सुंदर चोटिल हैं और चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे। विंडीज के खिलाफ पहले टीम इंडिया दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगी। इसके बाद तीन मैचों की वनडे सीरीज और फिर टी20 सीरीज खेली जाएगी।
वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम
ईशान किशन (विकेटकीपर), शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, तिलक वर्मा, सूर्य कुमार यादव (उपकप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या (कप्तान), अक्षर पटेल, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, उमरान मलिक, आवेश खान, मुकेश कुमार।