इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 11वें एडिशन में राजस्थान रॉयल्स के नए कप्तान बने अजिंक्य रहाणे इस जिम्मेदारी को लेकर बहुत खुश हैं। रहाणे को स्टीव स्मिथ की जगह कप्तान बनाया गया है, जो बॉल टेंपरिंग मामले में बुरी तरह फंसे हुए हैं।
29 वर्षीय रहाणे ने कहा, 'मैं
राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी को लेकर बेहद उत्सुक हूं, जिसे मैं अपने परिवार की तरह मानता हूं। मैं राजस्थान रॉयल्स प्रबंधन का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं, जिन्होंने मुझ पर इस भूमिका के लिए भरोसा जताया।'
उन्होंने आगे कहा, 'मैं रॉयल्स में वापसी को लेकर खुश हूं और टीम के लिए वह सब करना चाहता हूं, जिससे सर्वश्रेष्ठ परिणाम निकलकर आएं। हम आईपीएल में बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए तैयार हैं।'
बता दें कि राजस्थान रॉयल्स दो साल का निलंबन झेलने के बाद
आईपीएल में वापसी कर रही है। रहाणे ने पिछले साल राइजिंग पुणे सुपरजायंट का प्रतिनिधित्व किया था। उन्होंने कहा, 'मैं हमारी टीम के तमाम चाहने वालों और फैंस का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं और उनकी उम्मीदों पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करूंगा।' राजस्थान रॉयल्स की टीम आईपीएल-11 में अपने अभियान की शुरुआत 9 अप्रैल को हैदराबाद में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ करेगी।