हादसे के बाद एयरपोर्ट के पास मेघाणीनगर में धुएं के गुब्बारे देखे गए। बाद में न्यूज एजेंसी एएनआई ने स्टेट पुलिस कंट्रोल रूम के हवाले से अपडेट देते हुए कहा कि विमान अहमदाबाद से लंदन जा रहा था। एअर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया, 'अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरने वाली फ्लाइट AI171 12 जून 2025 को दुर्घटनाग्रस्त हुई।'
वहीं, डीजीसीए (नागरिक उड्डयन महानिदेशालय) ने जानकारी देते हुए कहा- कैप्टन सुमीत सभरवाल 8200 घंटों के अनुभव वाले एलटीसी हैं। सह-पायलट के पास 1100 घंटों का उड़ान अनुभव था। एटीसी के अनुसार, विमान ने अहमदाबाद से रनवे 23 से दोपहर एक बजकर 39 मिनट पर उड़ान भरी। इसने एटीसी को मेडे कॉल दिया, लेकिन उसके बाद, एटीसी द्वारा की गई कॉल पर विमान द्वारा कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई। रनवे 23 से उड़ान भरने के तुरंत बाद विमान हवाई अड्डे की परिधि के बाहर जमीन पर गिर गया। दुर्घटना स्थल से भारी काला धुआं निकलता देखा गया।'
डीजीसीए ने बताया, 'एअर इंडिया का B787 विमान VT-ANB, अहमदाबाद से उड़ान भरने के तुरंत बाद ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में 242 लोग सवार थे। इसमें दो पायलट और 10 केबिन क्रू शामिल थे और कुल 230 यात्री थे। विमान की कमान कैप्टन सुमीत सभरवाल के पास थी और उसके साथ फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर थे।'
विजयवाड़ा में मौजूद नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू विमान दुर्घटना की खबर मिलते ही तुरंत अहमदाबाद पहुंच गए। वे डीजीसीए, एएआई, एनडीआरएफ और गुजरात राज्य प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं ताकि त्वरित, समन्वित प्रतिक्रिया और सहायता सुनिश्चित की जा सके। बचाव और चिकित्सा दल मौके पर हैं।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सूत्र के मुताबिक, विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) के महानिदेशक, टीम के साथ जांच के लिए अहमदाबाद रवाना हुए। वहीं, प्रधानमंत्री मोदी ने गृह मंत्री अमित शाह और नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से बात की। उन्होंने उनसे अहमदाबाद जाकर यह सुनिश्चित करने को कहा है कि विमान दुर्घटना के बाद प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता दी जाए।