ऑस्ट्रेलिया के नवोदित क्रिकेटर एस्टन एगर का एशिया से ताल्लुक रखते हैं, क्योंकि उनकी मां सोनिया श्रीलंका से हैं। लेकिन 19 वर्षीय ऑस्ट्रेलियाई की नायाब पारी के पीछे भारत का कनेक्शन भी है।
एगर ने ट्रेंटब्रिज में अपने पहले टेस्ट मैच में इंग्लैंड के खिलाफ धमाकेदार आगाज किया। उन्होंने रिकॉर्डतोड़ 98 रन की पारी खेली, जो टेस्ट में 11वें नंबर के खिलाड़ी की ओर से बनाया गया अब तक का सर्वोच्च स्कोर है। एगर ने एशेज के पहले टेस्ट मैच के दौरान 111 साल पुराना विश्व रिकॉर्ड तोड़ा था।
ऑस्ट्रेलिया में बल्ले सप्लाई करने वाली कंपनी टेल्स नेवर फेल्स (टीएनएफ) के मालिक माइकल शेडी का कहना है कि जिस बल्ले से एगर ने यह खास पारी खेली, वह मेड इन इंडिया था।
शेडी ने कहा, ‘हम मेरठ से बल्ले का आयात करते हैं और एस्टन इसी बल्ले का इस्तेमाल करते हैं। बल्ला भारत की बेहतरीन कंपनियों में से एक ने बनाया है।’
उन्होंने बताया कि टीम इंडिया के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने वेस्टइंडीज में त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में भारी बल्ले से मैच जिताऊ पारी खेली, लेकिन एस्टन हमेशा हल्के बल्ले को तवज्जो देते हैं।
मजे की बात यह है कि शेडी ऑस्ट्रेलिया में रिचमंड क्रिकेट क्लब के पहले कप्तान थे। उन्होंने यह भी कहा कि एस्टन ऑस्ट्रेलिया के भविष्य के कप्तान हैं और अगर उन्हें राष्ट्रीय टीम की कप्तानी करने मौका मिलता है तो टीम बेहतरीन प्रदर्शन करेगी।