मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जाएंट्स के बाद सनराइजर्स हैदराबाद ने भी इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) के टूर्नामेंट हंड्रेड में टीम खरीद ली है। एसआरएच ने 10 करोड़ पाउंड में नॉर्दर्न सुपरचार्जर्स टीम का अधिग्रहण किया। इस तरह सनराइजर्स आईपीएल की तीसरी फ्रेंचाइजी बन गई है जिसने हंड्रेड क्रिकेट प्रतियोगिता में टीम खरीदी है।
मुंबई और लखनऊ ने भी खरीदी टीम
सनराइजर्स हैदराबाद से पहले मुंबई इंडियंस ने ओवल इनविंसिबल्स के 49 फीसदी शेयर खरीदे थे, जबकि लखनऊ सुपर जाइंट्स ने मैनचेस्टर ओरिजिनल्स में लगभग 10 करोड़ 70 लाख पाउंड में इतनी ही हिस्सेदारी खरीदी थी।
संजय पटेल का बयान
यॉर्कशर क्रिकेट क्लब के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय पटेल ने कहा, हमें सन ग्रुप के साथ साझेदारी करके खुशी हो रही है और नॉर्दर्न सुपरचार्जर्स को दीर्घकालिक और निरंतर सफलता के लिए तैयार करने के उद्देश्य से आने वाले दिनों में उनके साथ हमारी बातचीत जारी रहेगी।
पटेल ने आगे कहा कि सनराइजर्स का दृष्टिकोण यॉर्कशर से मेल खाता है। उन्होंने कहा, पिछले कुछ समय से उनके साथ चर्चा करने के बाद यह स्पष्ट हो गया है वे क्लब के मूल्यों और भविष्य की दिशा से जुड़े हुए हैं और यह सुनिश्चित करने में एक बड़ी भूमिका निभाएंगे कि हम आने वाले वर्षों में बड़ी सफलता हासिल कर सकें।
एसए20 में भी सनराइजर्स खरीद चुकी टीम
सनराइजर्स ने इस तरह से दूसरी विदेशी टीम खरीदी है। वह दक्षिण अफ्रीका के टूर्नामेंट एसए20 की टीम सनराइजर्स ईस्टर्न केप की मालिक भी है जो पिछले दो बार की चैंपियन है और लगातार तीसरा खिताब जीतने की दौड़ में शामिल है।