खिलाड़ियों की वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर हड़ताल के बीच बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के पूर्व अध्यक्ष ने देश में क्रिकेट में बड़े पैमाने पर फिक्सिंग और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। बीसीबी के पूर्व अध्यक्ष साबीर हुसैन चौधरी ने कहा बोर्ड की संचालन परिषद भी भ्रष्टाचार में शामिल है। चौधरी संसद सदस्य भी हैं।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘बीसीबी दुनिया की एकमात्र ऐसी राष्ट्रीय खेल इकाई है जो संस्थागत तरीके से मैच फिक्सिंग और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देती है। यह अविश्वसनीय है। मैंने खुद कई बार इस मुद्दे को उठाया है।’ राष्ट्रीय टीम के कप्तान शाकिब अल हसन ने भी घरेलू क्रिकेट में भ्रष्टाचार पर चिंता जाहिर करते हुए क्रिकेटरों के वेतन को बढ़ाने की मांग के साथ देश के पेशेवर खिलाड़ियों के साथ हड़ताल शुरू की है। इस हड़ताल के कारण बांग्लादेश का आगामी भारतीय दौरा अधर में लटक सकता है।