भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरे टेस्ट में भारतीय टीम अच्छा प्रदर्शन कर रही है। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 438 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया है। यह दोनों टीमों के बीच 100वां टेस्ट मैच है और भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली का 500वां अंतरराष्ट्रीय मैच है। कोहली ने इस खास मौके को यादगार बनाते हुए अपने टेस्ट करियर का 29वां शतक लगाया और 121 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने पांच साल बाद विदेशी जमीन पर टेस्ट क्रिकेट में शतकीय पारी खेली। यह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनका 76वां शतक भी था।
कोहली के रोहित शर्मा ने 80 रन बनाए। यशस्वी जायसवाल, रवींद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन ने भी अर्धशतकीय पारियां खेलीं। हालांकि, शुभमन गिल और अजिंक्य रहाणे जैसे बल्लेबाज इस मैच में भी रन नहीं बना पाए। ये दोनों ही खिलाड़ी पहले मैच में भी फेल हुए थे। लगातार दो पारियों में फेल होने के बाद रहाणे और गिल को जमकर ट्रोल किया जा रहा है। हालांकि, युवा गिल पर टीम मैनेजमेंट निवेश कर रहा है और उन्हें तीसरे नंबर पर खुद को साबित करने के लिए भरपूर मौके मिलेंगे, लेकिन 35 साल के रहाणे के लिए मुश्किल बढ़ रही हैं।
खराब फॉर्म की वजह से रहाणे पहले भी टीम से बाहर हो चुके हैं और जून में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए 18 महीने बाद टीम में वापसी की थी। फाइनल मैच में उन्होंने दो अच्छी पारियां खेलीं। इससे पहले आईपीएल 2023 और घरेलू क्रिकेट में वह अच्छी लय में दिखे थे। इसी वजह से उन्हें टीम का उपकप्तान भी बनाया गया, लेकिन दो पारियों में फेल होने के बाद उन पर दबाव बन रहा है। चेतेश्वर पुजारा टीम से बाहर हो चुके हैं और शायद उनका टेस्ट करियर खत्म हो चुका है। अब रहाणे को भी जल्द ही रन बनाने होंगे। अब टीम से बाहर होने पर उनके लिए भी वापसी के दरवाजे बंद हो सकते हैं।
वेस्टइंडीज में रहाणे पहले टेस्ट में मात्र तीन रन बनाकर और दूसरे टेस्ट की पहली पारी में महज आठ रन बनाकर आउट हो गए। भारत के पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा का मानना है कि जिस तरह रहाणे बल्लेबाजी कर रहे हैं ऐसा लगता है कि वह "नोटिस पीरियड" पर हैं। कॉर्पोरेट की भाषा में यह वह समय होता है, जब कर्मचारी इस्तीफा दे चुका होता है और अपने कार्यकाल के आखिरी दिन का इंतजार कर रहा होता है।
चोपड़ा ने कहा, "अजिंक्य रहाणे, भले ही भारतीय टीम के उपकप्तान हैं पर ऐसा लग रहा कि उनका नोटिस पीरियड चल रहा है। ऐसा कुछ खिलाड़ियों के साथ होता है और ऐसा लग रहा है कि यह यह उनके साथ भी हो रहा है यह होने वाला है। पहले भी उनके बल्ले का किनारा लगा था और दूसरी बार गेंद स्टंप्स पर लग गई। उस सत्र में भारत ने चार विकेट गंवाए और रन गति भी धीमे थी पर आखिर में भारत एक मतबूत स्थिति में हैं।"