दिग्गज हरफनमौला शाहिद अफरीदी एक बार फिर पाकिस्तान की कप्तानी करना चाहते हैं।
अफरीदी ने कहा कि देश के लिए 17 साल खेलने के बाद उन्हें हमेशा राष्ट्रीय टीम की कप्तानी में फख्र महसूस हुआ है।
उन्होंने कहा, "यदि क्रिकेट बोर्ड मुझसे फिर कप्तानी की पेशकश करता है तो मैं इस चुनौती को स्वीकार कर लूंगा। इस समय सभी सीनियर खिलाड़ियों को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज के लिए अधिक योगदान देना होगा।"
अफरीदी को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के साथ मतभेदों के कारण 2011 में टी-20 और वनडे टीम की कप्तानी से हटा दिया गया था। उसके बाद से उन्हें दोबारा कप्तानी का मौका नहीं मिला है।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में आगामी वनडे सीरीज के लिए उन्हें फिर कप्तानी सौंपी जा सकती है। ऐसी संभावना है कि बोर्ड मिस्बाह-उल-हक को कप्तानी से हटा सकता है। टी-20 की कमान मोहम्मद हफीज के हाथों में ही रहेगी।
पाकिस्तान को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन टेस्ट, पांच वनडे और दो टी-20 मैच खेलने हैं।
श्रीनिवासन से मिलेंगे पीसीबी के अंतरिम प्रमुख
पीसीबी के अंतरिम अध्यक्ष नजम सेठी ने कहा है कि वह बीसीसीआई प्रमुख एन श्रीनिवासन से अगले महीने मुलाकात करके द्विपक्षीय क्रिकेट संबंधों की बहाली, पाकिस्तानी खिलाड़ियों की आईपीएल में भागीदारी जैसे कई मसलों पर बात करेंगे।
बकौल सेठी, "बीसीसीआई के प्रमुख श्रीनिवासन इस बैठक के लिए सैद्धांतिक तौर पर राजी हो गए हैं। चैंपियंस लीग में फैसलाबाद वोल्व्स की भागीदारी एक सकारात्मक कदम है।"