फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पाकिस्तान क्रिकेट टीम में फिर से कप्तान बदलने की मांग

Fri, 29 Aug 2014 01:44 PM IST
अमर उजाला, दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
पाकिस्तान अभी श्रीलंका के साथ वनडे सीरीज खेलने में व्यस्त है लेकिन टीम के कप्तान को बदलने की बात चल निकली है। 3 मैचों की वनडे सीरीज बेहद निर्णायक मोड़ पर है और पाकिस्तान और श्रीलंका 1-1 से बराबर है।
विज्ञापन


पाक टीम के पूर्व कप्तान और अनुभवी बल्लेबाज शोएब मलिक ने यह कहकर सनसनी फैला दी कि अगले साल ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में होने वाले वर्ल्ड कप के लिए टीम के नए कप्तान के रूप में आलराउंडर शाहिद अफरीदी सबसे उपयुक्त होंगे।

इस समय 40 वर्षीय मिस्बाह-उल-हक के हाथों में पाकिस्तान की वनडे टीम की भी कमान है। अब जब वर्ल्ड कप शुरू होने में मुश्किल से 5 महीने रह गए हैं, ऐसे में पुराने कप्तान को बदलकर नए कप्तान को चुनना किसी भी टीम के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। हालांकि ऐसा पहली बार नहीं है कि मिस्बाह को हटाकर नए कप्तान को चुनने को मांग की गई हो।
विज्ञापन

पीसीबी जल्द ही बदले वनडे टीम का कप्तान

32 साल के दिग्गज बल्‍लेबाज शोएब मलिक ने कहा कि अगर पाकिस्‍तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) वनडे टीम का कप्तान बदलना चाहता है तो उसे यह काम जल्द से जल्‍द कर देना चाहिए।

उन्होंने कहा, "मैं नहीं जानता कि बोर्ड के दिमाग में इस समय क्या चल रहा है, लेकिन अगर वह कप्तान बदलने की सोच रहे हैं तो उन्हें यह काम तुरंत कर देना चाहिए क्यों‌कि अब ज्यादा समय नहीं रह गया है।"

भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा के पति मलिक ने हाल में ही खत्म हुए कैरेबियाई प्रीमियर लीग (सीपीएल) बेहद शानदार प्रदर्शन किया था और उन्होंने खुद को कप्तान की रेस में शामिल होने से इनकार कर दिया, हालांकि उन्होंने अफरीदी को इसके लिए योग्य खिलाड़ी जरूर बताया।

उन्होंने कहा, "अफरीदी एक वरिष्ठ खिलाड़ी होने के साथ-साथ आक्रामक बल्‍लेबाज भी हैं। और मैं सोचता हूं कि अगर बोर्ड मिस्बाह को हटाकर अफरीदी को टीम का कप्तान बनाता है तो वह वर्ल्ड कप में टीम को लीड करने वाले योग्य व्यक्ति होंगे। वह बेहद मजबूत खिलाड़ी हैं और इस बड़े टूर्नामेंट में टीम की अच्छे से अगुवाई कर सकते हैं।"

वर्ल्ड कप के बाद ही कप्तानी स्वीकारेंगे मलिक

साथ ही शोएब मलिक ने यह भी कहा कि अगर बोर्ड उन्हें खुद कप्तान बनने के लिए कहता है तो वह इस जिम्मेदारी को वर्ल्ड कप 2015 के बाद स्वीकार करेंगे, और नई टीम खड़ी करने की कोशिश करेंगे।

मलिक ने क‌हा, "अगर मुझसे कप्तान बनने के लिए कहा जाता है तो वह वर्ल्ड कप के बाद ही कप्तानी पद स्वीकार करूंगा और नई टीम तैयार करूंगा क्योंकि वर्ल्ड कप के बाद हमारे कुछ वरिष्ठ खिलाड़ी टीम से बाहर हो जाएंगे।"

उन्होंने आगे कहा, "मैं नहीं समझता कि मेरे लिए फिर से कप्‍तान बनने का यह सही समय है। सच कहूं तो मेरा पहला लक्ष्य राष्ट्रीय टीम में वापस लौटने का है।" मलिक ने 2007 वर्ल्ड कप के बाद से 2009 तक पाकिस्‍तान की अगुवाई की थी।

मलिक ने अब तक 32 टेस्ट और 216 वनडे मैच खेले हैं। वह महसूस करते हैं कि टीम को गेंदबाजी विभाग में तेजी से सुधार करने की जरूरत है।
विज्ञापन

कप्तान मिस्बाह पर जमकर बरसे मलिक

शोएब मलिक ने वर्तमान कप्तान मिस्बाह उल हक की जमकर आलोचना की। दूसरे वनडे मैच में श्रीलंका के हाथों हार के बाद मिस्बाह ने कहा था कि उन्हें सईद अजमल की कमी खल रही थी।

कप्तान के इस बयान पर मलिक ने कहा कि वह नहीं समझ पा रहे कि मिस्बाह क्या कहना चाह रहे थे।

मलिक ने कहा, "इस समय हमारे पास सईद जैसा गेंदबाज नहीं है जो जल्दी से जल्दी विकेट निकाल सके और कुछ ही ओवरों में मैच का रुख बदलकर रख दे।"
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें