पाकिस्तान के दिग्गज आलराउंडर शाहिद आफरीदी और युवा बल्लेबाज उमर अकमल को जून में इंग्लैंड में होने वाली आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के लिए अंतिम 15 खिलाड़ियों में जगह नहीं मिली है।
मुख्य चयनकर्ता इकबाल कासिम ने सोमवार को टीम की घोषणा की। टीम में चोटिल मध्यक्रम के बल्लेबाज हैरिस सोहेल की जगह उमर अमीन और एजाज चीमा की जगह तेज गेंदबाज वहाब रियाज को जगह दी गई है।
टीम के मुख्य चयनकर्ता कासिम ने कहा, ‘आफरीदी का पिछले काफी मैचों में प्रदर्शन गेंदबाजी के लिहाज से काफी खराब रहा है। वह विकेट नहीं ले पा रहे हैं और उनकी टीम में मुख्य भूमिका गेंदबाज की ही है।’
कासिम ने साथ ही कहा कि चयनकर्ताओं ने टीम के सीनियर खिलाड़ियों शोएब मलिक और कामरान अकमल को अपने प्रदर्शन में सुधार की चेतावनी दी है नहीं तो चैंपियंस ट्रॉफी उनका आखिरी टूर्नामेंट साबित हो सकता है।