वेस्ट इंडीज के दिग्गज ऑलराउंडर और मौजूदा कप्तान किरोन पोलार्ड मैदान में अक्सर अपनी हरकतों की वजह से चर्चा में रहते हैं। गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों से टीम को जीत दिलाने का माद्दा रखने वाले पोलार्ड एक बार फिर से अपनी हरकत की वजह से चर्चा में आ गए हैं।
लखनऊ में अफगानिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच खेले गए तीन मैचों की वनडे सीरीज के आखिरी मुकाबले में कैरेबियाई कप्तान पोलार्ड ने कुछ ऐसा किया जिससे दर्शक, कमेंटेटर सहित खुद अंपायर भी हंसने लगे।
दरअसल पहली पारी में पोलार्ड 25वां ओवर करने आए, उस वक्त सामने असगर अफगान नौ रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे। पहली गेंद फेंकने के लिए पोलार्ड ने रनअप लिया और दौड़ना शुरू किया। इससे पहले कि वे गेंद फेंकते, अंपायर ने नो बॉल बोल दिया। इसके बाद पोलार्ड ने गेंद फेंकने का ऐक्शन तो किया लेकिन गेंद हाथ से छोड़ी ही नहीं। इसके बाद अंपायर ने गेंद को डेड बॉल करार दे दिया।
बाद में जब रिप्ले में देखा गया तो पोलार्ड का पैर क्रीज से बाहर था और वो नो बॉल था लेकिन फील्ड अंपायर द्वारा जोर से चिल्लाकर नो-बॉल कहने के बाद पोलार्ड ने गेंद ही नहीं फेंकी।
इस पूरे वाक्ये के बाद अंपायर ने हंसते हुए गेंद को नो बॉल की जगह डेड बॉल में बदलने का फैसला किया। अंपायर के इस फैसले के बाद कॉमेंटेटर भी हंसने लगे।