इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने बुधवार को अफगानिस्तान के खिलाफ जारी चैंपियंस ट्रॉफी के मुकाबले में बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। वह अपनी टीम के लिए वनडे में सबसे तेज 50 विकेट पूरे करने वाले गेंदबाज बन गए। इस मामले में उन्होंने जेम्स एंडरसन को पीछे छोड़ दिया।
इब्राहिम जादरान ने मचाया धमाल
लाहौर में चैंपियंस ट्रॉफी का आठवां मुकाबला ग्रुप बी की टीमों के बीच खेला जा रहा है। इस मैच में अफगानिस्तान ने इब्राहिम जादरान की 177 रनों की तूफानी पारी की बदौलत 50 ओवर में सात विकेट पर 325 रन बनाए हैं। इस दौरान इंग्लैंड के लिए जोफ्रा आर्चर ने सर्वाधिक तीन विकेट लिए जबकि लियाम लिविंगस्टोन को दो विकेट मिले। वहीं, जेमी ओवरटन और आदिल रशीद को एक-एक सफलता मिली।
एंडरसन से आगे निकले आर्चर
इसी के साथ 29 वर्षीय गेंदबाज ने बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह इंग्लैंड के लिए इस प्रारूप में पारियों के हिसाब से 50 विकेट पूरे करने वाले सबसे तेज गेंदबाज बन गए। उन्होंने यह कारनामा सिर्फ 30 पारियों में किया जबकि महान गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने यह कारनामा 31 पारियों में किया था। आर्चर ने इस मुकाबले में रहमनुल्लाह गुरबाज, सेदिकुल्लाह अटल और रहमत शाह को अपना शिकार बनाया।
दिग्गजों की सूची में शामिल हुए जादरान
इस मुकाबले में अफगानिस्तान के इब्राहिम जादरान ने धमाल मचाया। उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए चैंपियंस ट्रॉफी के पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए। जादरान ने 146 गेंदों पर 12 चौकों और छह छक्कों की मदद से 177 रन बनाए। यह चैंपियंस ट्रॉफी इतिहास में किसी खिलाड़ी का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर है। उन्होंने इंग्लैंड के बेन डकेट को पीछे छोड़ा जिन्होंने पिछले मुकाबले में इसी मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 165 रनों की पारी खेली थी।
कपिल देव को पीछे छोड़ा
इब्राहिम जादरान अपनी इस पारी से भारत के पूर्व विश्व विजेता कप्तान कपिल देव को पीछे छोड़ दिया है। जादरान किसी आईसीसी वनडे टूर्नामेंट में 150 से अधिक रन बनाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बन गए हैं। जादरान ने यह उपलब्झि 23 साल 76 दिन की उम्र में हासिल की, जबकि कपिल ने 1983 विश्व कप में जिम्बाब्वे के खिलाफ 24 साल 163 दिन की उम्र में 150 से अधिक रन बनाए थे।