रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के गेंदबाज एडम जाम्पा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 14वें सीजन से बैकआउट कर लिया है। एडम जाम्पा के अलावा आरसीबी के ही तेज गेंदबाज केन रिचर्डसन भी आईपीएल-14 से बाहर हो गए हैं। दोनों खिलाड़ी दोहा होते हुए मंगलवार रात ऑस्ट्रेलिया लौट गए। ऑस्ट्रेलिया लौटने के बाद एडम जाम्पा ने आईपीएल-14 छोड़ने के पीछे जो वजह बताई है, शायद वह जानकर कोई भी भारतीय खुश नहीं होगा। जाम्पा ने कहा कि वह भारत में सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे थे।
दरअसल, जाम्पा भारत में भयंकर तरीके से फैले कोरोना वायरस के कारण देश छोड़ के चले गए। उन्होंने कहा, ‘भारत में उतना सुरक्षित महसूस नहीं होता, जितना यूएई में आईपीएल 2020 के दौरान हुआ था। हम अब तक कई जगह सुरक्षित बायो बबल का हिस्सा रह चुके हैं और मुझे लगता है कि भारत का बायो बबल सबसे असुरक्षित है। बेहतर होता कि आईपीएल 2021 भी यूएई में ही खेला जाता। चूंकि टूर्नामेंट भारत में खेला जा रहा है, इस वजह से ज्यादा डर लग रहा है। हमें यहां हमेशा हाइजीन और अधिक सुरक्षा बरतने को कहा जाता है। मुझे यही सबसे अजीब लगता है।'
भारत से ज्यादा सुरक्षित लगा दुबई
जाम्पा ने अपनी बात को दोहराते हुए आगे कहा, 'छह महीने पहले दुबई में जो आईपीएल हुआ था, उसमें ऐसा नहीं था। मुझे लगता है कि वह काफी अधिक सुरक्षित था। निजी तौर पर मेरी राय है कि इस बार भी आईपीएल को वहीं करवाया जाना चाहिए था, लेकिन इसमें कई बार राजनीति वगैरह शामिल होती है।'
एडम जाम्पा ने कहा, 'बेशक इसी साल भारत में टी-20 विश्व कप भी होना है। संभवत: क्रिकेट जगत में अब अगली चर्चा इसी पर होगी, लेकिन छह माह एक लंबा समय है औ तब शायद भारत में स्थिति बेहतर हो।’ मौजूदा आईपीएल सत्र में एडम जाम्पा को एक भी मैच खेलने को नहीं मिला। उन्हें टीम ने डेढ़ करोड़ रुपये में खरीदा था।
उन्होंने कहा कि कई कारणों से उन्होंने आईपीएल से हटने का फैसला किया। जाम्पा ने कहा, ‘बेशक यहां कोविड से जुड़ी स्थिति बेहद खराब है और मुझे टीम में खेलने का मौका भी नहीं मिला, मैं ट्रेनिंग के लिए जा रहा था और मुझे कोई प्रेरणा नहीं मिल रही थी।’ एडम जाम्पा ने यह भी कहा कि अगर किसी के परिवार का सदस्य मौत से जूझ रहा है तो वह संभवत: क्रिकेट के बारे में परवाह नहीं करता।’
एंड्रयू टाई ने भी छोड़ा देश
राजस्थान रॉयल्स के तेज गेंदबाज एंड्रयू टाई भी भारत में कोविड-19 के बढ़ते मामलों के कारण पहले ही देश छोड़ चुके हैं। देश में कोरोना वायरस महामारी के कहर को देखते हुए ऑस्ट्रेलिया ने मंगलवार को 15 मई तक भारत से आने वाली उड़ानों को निलंबित कर दिया है।