अपने जमाने के खतरनाक बल्लेबाजों में शामिल रहे ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट का कहना है कि अपने अंतरराष्ट्रीय कैरियर के दौरान वह श्रीलंका के दिग्गज स्पिनर मुथैया मुरलीधरन और भारत के हरभजन सिंह की गेंदों से भयभीत रहते थे।
कई बार कार्यवाहक कप्तान के रूप में ऑस्ट्रेलिया टीम की कमान संभाल चुके ‘गिली’ ने स्कूली बच्चों के साथ बातचीत में यह खुले दिल से यह बात स्वीकारी।
बाएं हाथ के इस आक्रामक बल्लेबाज से जब पूछा गया कि वह किस गेंदबाज से सबसे ज्यादा डरते थे तो उन्होंने कहा कि यह मुरली और भज्जी थे। उन्होंने कहा कि मैं मुरली की उंगलियों की मूवमेंट को भांप नहीं पाता था। उनके सामने मुझे हमेशा लगता था जैसे में दस साल का स्कूली बच्चा हूं। जब भी शॉट खेलने को लेकर दुविधा की स्थिति में होता था तो स्वीप शॉट खेलता था।
एक टेस्ट पारी में मैं यही सोचकर उतरा था कि मुरली के सामने स्वीप शॉट खेलूंगा। पहली गेंद पर मैंने स्वीप शॉट खेला और गेंद बाउंड्री लाइन के बाहर चार रन के लिए चली गई लेकिन जब दूसरी गेंद पर मैंने फिर स्वीप किया तो गेंद हवा में चली गई और मैं आउट हो गया।
अगले मैच में भी यही हुआ पहली गेंद पर चौका और दूसरी गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट। यह पूछने पर कि संन्यास के बाद वह अपने आपको कैसे फिट रखते हैं, तो उन्होंने कहा कि अपने अंतरराष्ट्रीय कैरियर के दौरान भी कभी उन्होंने डाइट चार्ट का अनुसरण नहीं किया। मैं सीफूड डाइट लेता था।