इंडोनेशिया क्रिकेट के लिए बड़ी उपलब्धि सामने आई है। इंडोनेशिया क्रिकेट संघ के अध्यक्ष अभिराम सिंह यादव को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की प्रभावशाली मुख्य कार्यकारी अधिकारियों की समिति में सहयोगी सदस्य देशों के प्रतिनिधि के तौर पर चुना गया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने गुरुवार को इसकी घोषणा की। यादव ने यह चुनाव जीतकर फ्रांस के गुरुमूर्ति पलानी की जगह ली है। पलानी को इस साल जुलाई में स्कॉटलैंड के एडिनबर्ग में हुई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की वार्षिक बैठक के दौरान परिषद के बोर्ड में शामिल किया गया था। यादव अब मौजूदा सहयोगी सदस्य प्रतिनिधियों गुरदीप क्लेयर और अनुराग भटनागर के साथ समिति में अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।
जून 2027 तक रहेगा कार्यकाल
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के मुताबिक, यादव समिति में बचे हुए करीब 10 महीने के कार्यकाल के लिए जिम्मेदारी संभालेंगे। उनका कार्यकाल जून 2027 में होने वाली परिषद की वार्षिक बैठक में अगले चुनाव तक रहेगा। यादव ने यूरोप के जर्सी, नीदरलैंड्स और जर्मनी समेत कई देशों के उम्मीदवारों को पीछे छोड़कर यह चुनाव जीता। उनकी नियुक्ति को इंडोनेशिया में क्रिकेट के बढ़ते प्रभाव और दुनिया भर में इस खेल के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।