दक्षिण अफ़्रीकाई टीम की बल्लेबाजी की रीढ़ की हड्डी माने जाने वाले एबी डीविलियर्स टीम इंडिया के खिलाफ चौथे वन-डे में वापसी कर सकते हैं। डीविलियर्स ने प्रिटोरिया कंट्री क्लब में गोल्फ खेलने का फैसला किया है। उनके इस फैसले के मद्देनजर टीम के मेडिकल अधिकारी डॉ. शोएब मंजरा ने पोजिटिव साइन बताया है।
बता दें कि डीविलियर्स फिलहाल टीम इंडिया के साथ खेली जा रही 6 वन-डे मैचों की सीरीज से पहले तीन वन-डे से उंगली की चोट के कारण टीम से बाहर चल रहे हैं।
उनके गोल्फ खेलने के फैसले के बाद डॉ. शोएब ने स्टार स्पोर्ट्स से बात करते हुए कहा कि अगर वह बिना दर्द की शिकायत किए 18 राउंड खेल लेते हैं तो यह पोजिटिव साइन होगा।
गौरतलब है कि डीविलियर्स तीसरे टेस्ट के दौरान विराट कोहली का कैच पकड़ते वक्त अपनी उंगली को चोटिल कर बैठे थे। इसके बावजूद वह बैटिंग करने आए थे, मगर फील्डिंग नहीं की थी।