दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने आगामी एशिया कप के लिए भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की टी20 टीम में वापसी की सराहना की, लेकिन साथ ही कहा कि उन्हें नहीं लगता कि यह अनुभवी तेज गेंदबाज सभी मैचों में खेलेगा। बुमराह ने टी20 विश्व कप के फाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शानदार गेंदबाजी की थी और इसके बाद से वह अब पहली बार भारत के लिए खेल के सबसे छोटे प्रारूप में खेलते दिखेंगे।
अगले महीने होना है एशिया कप
भारत ने हाल ही में नौ सितंबर से यूएई में होने वाले एशिया कप के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम का एलान किया था जिसमें बुमराह को भी जगह मिली थी। भारत इस टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत 10 सितंबर से करेगा। भारतीय टीम सूर्यकुमार यादव की कप्तानी और उपकप्तान शुभमन गिल की अगुआई में खिताब बचाने के इरादे से उतरेगा।
अपने यू-ट्यूब चैनल पर बात करते हुए डिविलियर्स ने कहा कि बुमराह को फिट और खेलने के लिए तैयार रहते देखना बहुत अच्छा है। डिविलियर्स ने बुमराह के कार्यभार को अच्छी तरह से प्रबंधित करने के लिए चयनकर्ताओं की भी सराहना की, क्योंकि वह हाल ही में इंग्लैंड दौरे पर पांच टेस्ट में से दो में नहीं खेले थे। डिविलियर्स ने कहा, मुझे नहीं लगता कि बुमराह सभी मैच खेलेंगे। मैंने रिपोर्ट्स देखी हैं कि उन्हें सिर्फ उन मैचों के लिए चुना जाएगा जो महत्वपूर्ण हैं और मुझे चयनकर्ताओं की सक्रियता की बात पसंद आई। आपको अपने सीनियर और सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों को इसी तरह मैनेज करना चाहिए।
डिविलियर्स ने यह भी कहा कि ऐसा नहीं है कि बुमराह अपनी पसंद से मैच खेल रहे हैं, क्योंकि ऐसे माहौल में जहां बहुत अधिक क्रिकेट होता है, इसका खिलाड़ियों पर वर्षों तक बुरा असर पड़ता है। उन्होंने कहा, कुछ चयनकर्ता इसे समझते हैं और कुछ नहीं। एक बार जब आप इन खिलाड़ियों को मैनेज करना शुरू कर देते हैं तो आप उनसे सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करवा सकते हैं और मुझे यह अच्छा लगा कि उन्होंने बुमराह के साथ ऐसा करना शुरू कर दिया है।
भारत के लिए सर्वाधिक विकेट लेने वाले पांचवें गेंदबाज हैं बुमराह
बुमराह भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले पांचवें गेंदबाज हैं। उन्होंने 70 मैचों में 17.74 की औसत से 89 विकेट लिए हैं। मुंबई इंडियंस के साथ उनका आईपीएल सीजन शानदार रहा, जहां उन्होंने 12 मैचों में 17.55 की औसत से 18 विकेट लिए।