डेब्यू मैच में 22 रन बनाकर लौटे आर्यवीर
सलामी बल्लेबाज के रूप में उतरे आर्यवीर ने शुरुआत में संयम दिखाया और पहले चार गेंदों पर सिर्फ एक रन बनाया। लेकिन इसके बाद उन्होंने टेस्ट गेंदबाज नवदीप सैनी पर दो शानदार चौके जड़े। एक बेहतरीन कवर ड्राइव पर उनका आत्मविश्वास साफ झलक रहा था। इसके बाद उन्होंने युवा बाएं हाथ के स्पिनर रौनक वाघेला को भी निशाना बनाया और लगातार दो चौके लगाए। हालांकि उसी ओवर में वे 22 रन बनाकर आउट हो गए। बल्लेबाजी के साथ-साथ आर्यवीर ने मैदान पर अपनी फुर्ती भी दिखाई और ईस्ट दिल्ली के सलामी बल्लेबाज सुजल सिंह का शानदार कैच पकड़ा।
93 रन पर सिमटी ईस्ट दिल्ली
सेंट्रल दिल्ली ने युगल सैनी (32 गेंदों में 52 रन) की ताबड़तोड़ पारी की मदद से 155 रन बनाए। जवाब में ईस्ट दिल्ली की पूरी टीम मात्र 93 रन पर सिमट गई। तेज गेंदबाज मनी ग्रेवाल ने घातक गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके। आर्यवीर का क्रिकेट सफर जूनियर स्तर पर ही सुर्खियां बटोर चुका है। कूच बिहार ट्रॉफी में उन्होंने दिल्ली अंडर-19 की ओर से मेघालय के खिलाफ 297 रनों की पारी खेली थी। इसके अलावा वे दिल्ली अंडर-16 और अंडर-19 टीमों में भी लगातार शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं।