ऑस्ट्रेलिया के वनडे टीम के कप्तान आरोन फिंच और सालामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर ने कोरोना के खिलाफ उठाए गए कदमों को लेकर अपनी ही सरकार पर सवाल उठाए हैं। दुनियाभर में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने कहा कि विदेश से ऑस्ट्रेलिया आने वाले किसी भी शख्स को खुद को 14 दिनों के लिए पृथक रखना पड़ेगा।
सरकार के इस निर्देश पर कई लोग असमंजस में दिखे तो वहीं एक ऑस्ट्रेलियाई पत्रकार वेरोनिका एग्ग्लेटन ने ट्वीट कर पूछा कि एक जरुरी सवाल- सरकार को कैसे पता चलेगा कि नए लोगों ने खुद को पृथक किया है? इसपर फिंच ने ट्वीट को रिट्वीट करते हुए कहा, 'मैं भी यही सोच रहा हूं', इसके बाद फिंच के इस ट्वीट पर वॉर्नर ने कमेंट करते हुए कहा, 'या उन उबर/टैक्सी/बस/ट्रेन का क्या जिसे लेकर वे एअरपोर्ट से अपने स्थान पर जाएंगे।
बता दें कि कोरोना की वजह से अब तक दुनियाभर में हजारों जाने जा चुकी हैं और लाखों लोग प्रभावित हुए हैं। इसे देखते हुए हर देश अपने-अपने तरीके से कदम उठा रहा है और यात्राओं पर भी पाबंदियां लगा रहा है। इस वायरस का असर खेल जगत पर भी पड़ा है। कई बड़े टूर्नामेंटों को स्थगित या रद्द करना पड़ा है। इसी को देखते हुए ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड सीरीज को भी रद्द कर दिया गया है।