भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर इन दिनों घरेलू क्रिकेट में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते दिख रहे हैं। गुरुवार को एक बार फिर उनका बल्ला गरजा और एक शतकीय पारी निकली। दरअसल, 21 दिसंबर से शुरू हुई विजय हजारे ट्रॉफी में मुंबई का उसके पहले मैच में कर्नाटक से सामना हो रहा है। इस मैच में श्रेयस अय्यर ने दमदार प्रदर्शन करते हुए नाबाद 114 रन बनाए और चैंपियंस ट्रॉफी से पहले टीम इंडिया में वापसी के लिए दावेदारी ठोक दी।
50 गेंदों में अय्यर ने जड़ा शतक
भारतीय बल्लेबाज पिछले कुछ वक्त से टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं। हालांकि, घरेूल क्रिकेट में वह लगातार रन बना रहे हैं। ऐसा ही कारनामा उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी के पहले मैच में भी किया। अय्यर ने 55 गेंदों का सामना किया और पांच चौके और 10 छक्के लगाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 207.27 का रहा। उन्होंने महज 50 गेंदों में अपना शतक पूरा किया।
टीम इंडिया में वापसी के लिए पेश की दावेदारी
इस विस्फोटक प्रदर्शन के साथ श्रेयस अय्यर ने टीम इंडिया में वापसी के लिए दावेदारी पेश कर दी है। बता दें कि, अगले साल चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन होगा। इससे पहले 30 वर्षीय बल्लेबाज का फॉर्म में होना भारतीय टीम के लिए शुभ संकेत है। यह पहला मौका नहीं है जब दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने किसी मैच में ताबड़तोड़ रन बनाए हैं।
पहले भी मचा घरेलू टूर्नामेंट में मचा चुके धमाल
इससे पहले उन्हें रणजी ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी खेलते देखा गया। रणजी में मुंबई के लिए खेले चार मैचों में 90.40 के औसत से 452 रन बनाए। इस दौरान उनका उच्चतम स्कोर 233 रन था। वहीं, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में श्रेयस ने 345 रन बनाए। नौ मैचों में उनका स्ट्राइक रेट 188.52 का रहा। अब वह विजय हजारे ट्रॉफी में भी बेहतरीन फॉर्म में नजर आ रहे हैं।