भारत में सोमवार को रंगों के त्यौहार होली की धूम रही। देशभर में लोगों ने जमकर एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाए और खुशियां बिखेरीं। इस दौरान लोग पूरी तरह से रंगों में रमे नजर आए और अपने-अपने अंदाज में इस त्यौहार का जश्न मनाया। कई क्रिकेटरों ने भी इस मौके पर अपनी तस्वीरें साझा की और अपने प्रशंसकों को बधाइयां दी। इस दौरान सोशल मीडिया पर एक पाकिस्तानी क्रिकेटर की होली खेलते हुए पुरानी तस्वीर वायरल हुई।
स्पोर्ट्स प्रेजेंटर गौतम भिमानी ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक पुरानी तस्वीर शेयर की और लिखा मेरी पसंदीदा क्रिकेटिंग होली की याद! भारत और पाकिस्तानी टीम ने पूल में होली खेली। भिमानी की इस तस्वीर को लोगों को काफी पसंद आई।
दरअसल भिमानी के साथ इस तस्वीर में कोई और नहीं बल्कि पाकिस्तान के दिग्गज तेज गेंदबाज वसीम अकरम मौजूद हैं। तस्वीर में अकरम सिर्फ अंडरवियर पहने हुए नजर आ रहे हैं और पूरी तरह से रंगों में रंगे हुए हैं।
खुद वसीम अकरम ने भी इस तस्वीर को रिट्वीट किया और लिखा, 'हैपी होली। क्या दिन था वो भारत का 87 दौरा।'
बता दें कि 1987 में पाकिस्तानी टीम इमरान खान की कप्तानी में भारत दौरे पर थी। यहां उसने पांच टेस्ट मैचों की सीरीज और छह मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला खेली थी। उस वक्त वसीम अकरम भी पाकिस्तानी टीम का हिस्सा थे और तब वह सिर्फ 20 साल के थे।
बात करें वसीम अकरम की तो वह पाकिस्तान क्रिकेट के महान खिलाड़ियों में शुमार हैं। उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 6615 रन बनाए और कुल 916 विकेट चटकाए।