अगले हफ्ते 22 से कानपुर में न्यूजीलैंड टीम इंडिया के खिलाफ अपने टेस्ट सीरीज की शुरुआत करेगा, लेकिन इससे पहले बड़े बल्लेबाज कुछ करें 2 उभरते बल्लेबाजों ने शतक ठोंक दिए। मुंबई टीम के ओपनर कौस्तुभ पवार और ऑलराउंडर सूर्य कुमार यादव ने न्यूजीलैंड के खिलाफ बेखौफ बल्लेबाजी करते हुए अभ्यास मैच के दूसरे दिन बेहतरीन शतक लमाए।
किवी टीम 3 मैचों की सीरीज के शुरू होने से पहले 3 दिवसीय अभ्यास मैच खेल रही है और मुंबई के खिलाफ इस मैच के दूसरे दिन उसके गेंदबाजों को भारतीय बल्लेबाजों को परेशान करने में काफी दिक्कत आई। मुंबई के बल्लेबाजों ने मेहमान गेंदबाजों से खूब गेंदबाजी कराई और 5 विकेट पर 431 रन बना लिए थे। पहली पारी के आधार पर मुंबई ने न्यूजीलैंड पर 107 रनों की बड़ी बढ़त भी बना ली है। किवी टीम ने पहली पारी 7 विकेट पर 324 रन बनाकर घोषित कर दी थी।
दिन का खेल खत्म होने तक रणजी चैंपियन मुंबई की टीम के लिए कप्तान आदित्य तारे और सिदेश लाड ने एक और शतकीय साझेदारी करते हुए छठे विकेट के लिए 137 रनों की अविजित साझेदारी कर ली है। मुंबई की पारी में 3 शतकीय साझेदारियां हो चुकी हैं।
एक ओर जहां न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों की ओर से 55 रन की सबसे बड़ी पारी खेली गई तो मुंबई की टीम से 2 शानदार शतक लगे। ओपनर कौस्तुभ पवार (100 रिटायर्ड हर्ट) ने 2 शतकीय साझेदारी के बाद अपना शानदार शतक भी ठोक दिया। कौस्तुभ से थोड़ी संयमित पारी खेली तो सूर्यकुमार यादव ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए महज 86 गेंदों में 103 रनों की पारी खेलकर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
टेस्ट सीरीज से पहले फिर फेल हो गए रोहित शर्मा
रोहित शर्मा
- फोटो : getty
न्यूजीलैंड ने पहले ही दिन अपनी पहली पारी 7 विकेट पर 324 रन बनाकर घोषित कर दी थी, इसके बाद ट्रेंट बोल्ट ने जय बिस्टा (0) को पहले ही ओवर में आउट कर शुरुआती सफलता जल्द दिला। लेकिन आज जब दूसरे दिन का खेल शुरू हुआ तो मुंबई के बल्लेबाजों का मिजाज बदला हुआ था। ओपनर कौस्तुभ पवार ने अरमान जाफर (69) के साथ दूसरे विकेट के लिए 107 रनों की साझेदारी कर न्यूजीलैंड के गेंदबाजों को छका दिया।
भारतीय मूल के फिरकी गेंदबाज इश सोढ़ी ने अरमान को 69 रन के निजी स्कोर पर कैच आउट कराया। उनके जाने के बाद रोहित शर्मा बल्लेबाजी करने आए, लेकिन जिस पिच पर युवा बल्लेबाजों ने शानदार पारियां खेली उसी पर रोहित फ्लॉप रहे। वह महज 18 रन बनाकर सोढ़ी की गेंद के शिकार बने।
टेस्ट सीरीज में खराब प्रदर्शन के बावजूद टीम इंडिया में शामिल किए गए रोहित की नाकामी के बाद कौस्तुभ के साथ सूर्यकुमार यादव ने 155 रनों की शतकीय साझेदारी कर जमकर अभ्यास किया। ओपनर कौस्तुभ के काफी बाद क्रीज पर आए सूर्य कुमार ने आतिशी पारी खेलते हुए 86 गेंदों में 9 चौके और 8 छक्के की मदद से 103 रनों की शतकीय पारी खेल डाली। रोहित वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली गई सीरीज में भी नाकाम रहे थे और इसी कारण उनके हालिया चयन पर सवाल उठे थे।
सूर्य की विस्फोटक पारी के बाद कौस्तुभ ने भी शानदार शतक लगाया। उन्होंने 228 गेंदों शतक लगाया। 15 चौके और एक छक्के की मदद से 100 रन बनाते ही रिटायर्ड हर्ट हो गए। दो शतकों के दम पर मुंबई टीम ने 4 विकेट पर 315 रन बना लिए जिस कारण किवी गेंदबाज दिनभर में 3 विकेट ही झटक सके।
इससे पहले न्यूजीलैंड ने मुंबई के खिलाफ पहले दिन सात विकेट पर 324 रन बनाकर अपनी पहली पारी घोषित कर दी। टॉम लाथम और कप्तान केन विलियम्सन ने शानदार अर्धशतक लगाये। लाथम ने 10 चौक और एक छक्के की मदद से 55 रन बनाए। विलियम्सन ने छह चौकों और दो छक्कों के दम पर 50 रन बनाए। लाथम 55 के निजी योग पर रिटायर्ड हर्ट हुए। मिशेल सैँटनर ने 45 और रॉस टेलर ने 41 रन का योगदान दिया।