भले ही लगातार बारिश फातुल्लाह टेस्ट मैच का मजा किरकिरा कर रही हो लेकिन हर दिन कुछ न कुछ नए रिकॉर्ड तो बन ही रहे हैं। शनिवार को मैच का चौथा दिन था और सभी चारों दिन बारिश ने खेल में बाधा डाली। दूसरे दिन को छोड़ दिया जाए तो हर दिन कुछ न कुछ खेल हुआ है और कुछ न कुछ रिकॉर्ड भी बने हैं।
चौथे दिन की सुबह टीम इंडिया ने अपनी पहली पारी 6 विकेट पर 462 रनों पर घोषित कर दी। इसके बाद बांग्लादेश ने अपनी पारी शुरू की तो ठीकठाक अंदाज में रन बनाने लगे।
इस बीच मेजबान टीम के ओपनर तमीम इकबाल ने एक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने आज टीम के लिए 19 रन बनाए लेकिन वह इसी छोटी सी पारी की बदौलत वो मुकाम हासिल कर लिया जिसकी आस हर क्रिकेटर को होती है।
अपनी इसी पारी के दौरान जब उन्होंने 6 रन बनाए तो वह बांग्लादेश के सबसे सफल टेस्ट बल्लेबाज बन गए। उन्होंने हबीबुल बशर का रिकॉर्ड तोड़ा। टीम के सलामी बल्लेबाज तमीम टेस्ट में बांग्लादेश की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। तमीम के खाते में 77 पारियों में 3309 रन हैं जिसमें उन्होंने 7 शतक और 17 अर्धशतक जमाए हैं।
तमीम ने जिस बल्लेबाज को पीछे छोड़ा है उसने 99 टेस्ट पारियों में 3026 रन जोड़े जिसमें 3 शतक और 24 अर्धशतक दर्ज है।
इसके अलावा तमीम अपने टेस्ट करियर में महज दूसरी बार स्टंप आउट हुए। इस मैच में आर अश्विन की गेंद पर रिदिमान साहा ने उन्हें स्टंप आउट कराया। वह इसी साल दोनों बार स्टंप आउट हुए। पहली बार वह पाकिस्तान के खिलाफ मोहम्मद हफीज की गेंद पर स्टंप्ड हुए थे।
बांग्लादेश की पारी में सिर्फ 30.1 ओवर ही डाले गए जिसमें रिदिमान साहा ने भी एक उपलब्धि अपने नाम दर्ज करा ली। उन्होंने पहली बार टेस्ट में किसी बल्लेबाज (तमीम) को स्टंप आउट किया है।