आईपीएल 2023 का पहला क्वालिफायर मैच चेन्नई सुपर किंग्स और और गुजरात टाइटंस के बीच खेला गया। चेन्नई की टीम ने यह मैच 15 रन से अपने नाम किया। इस जीत के साथ ही चेन्नई की टीम रिकॉर्ड 10वीं बार आईपीएल के फाइनल में पहुंच गई। अब चेन्नई की कोशिश रिकॉर्ड पांचवीं बार खिताब जीतने की होगी। इस बार जीत के साथ धोनी की टीम मुंबई की बराबरी करना चाहेगी, जिसने सबसे ज्यादा पांच बार यह टूर्नामेंट जीता है।
चेन्नई के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का यह आखिरी आईपीएल हो सकता है। ऐसे में चेन्नई के खिलाड़ी दुनिया के सबसे सफल क्रिकेट कप्तान को विजयी विदाई देने की कोशिश करेंगे। धोनी मौजूदा समय में सबसे लोकप्रिय क्रिकेट खिलाड़ी हैं और आईपीएल 2023 के पूरे सीजन में यह साबित हुआ है। विपक्षी टीमों के घरेलू मैदान में भी फैंस चेन्नई को सपोर्ट करने पहुंचे हैं। कोलकाता और जयपुर में फैंस अपनी घरेलू टीम को सपोर्ट करने की बजाय धोनी को सपोर्ट कर रहे थे।
आईपीएल 2023 की लाइव स्ट्रीमिंग जियो सिनेमा एप पर हो रही है और यह एप भी धोनी की लोकप्रियता का गवाह बना है। चेन्नई और गुजरात के मैच को जियो सिनेमा पर एक साथ 2.4 करोड़ लोगों ने देखा। जियो सिनेमा पर किसी भी आईपीएल मैच को एक साथ इससे ज्यादा लोगों ने नहीं देखा है। इससे पहले चेन्नई को गुजरात के मैच को भी एक साथ 2.4 करोड़ लोग देख रहे थे। इस मैच में धोनी के साथ विराट कोहली भी खेल रहे थे। जियो सिनेमा में 10 सबसे ज्यादा देखे गए आईपीएल मुकाबलों में पांच मैच चेन्नई सुपर किंग्स के थे।
जियो सिनेमा पर सबसे ज्यादा देखे गए मैच
- गुजरात बनाम चेन्नई (2.4 करोड़)
- चेन्नई बनाम बैंगलोर (2.4 करोड़)
- चेन्नई बनाम राजस्थान (2.2 करोड़)
- गुजरात बनाम बैंगलोर (2.2 करोड़)
- मुंबई बनाम गुजरात (2 करोड़)
- मुंबई बनाम पंजाब (2 करोड़)
- लखनऊ बनाम मुंबई (1.9 करोड़)
- राजस्थान बनाम चेन्नई (1.9 करोड़)
- कोलकाता बनाम चेन्नई (1.9 करोड़)
- हैदराबाद बनाम बैंगलोर (1.9 करोड़)