पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन का खेल भारी बारिश और खराब रोशनी के कारण केवल 18 ओवर का ही संभव हो सका। श्रीलंका ने स्टंप्स के समय छह विकेट 263 रन बनाए थे। उस समय धनजंय डिसिल्वा 72* और दिलरूवान परेरा 2* रन पर खेल रहे थे।
दरअसल, श्रीलंका ने सुबह अपनी पारी पांच विकेट पर 220 रन से आगे बढ़ाई और 7.5 ओवर का खेल होने के बाद जब उसका स्कोर पांच विकेट पर 225 रन था कि बारिश आ गई और दोनों टीमों को जल्दी लंच करना पड़ा।
खेल दो घंटे 43 मिनट तक रुका रहा और जब फिर शुरू हुआ तो केवल दस ओवर ही संभव हो पाए। इस बीच श्रीलंका ने निरोशन डिकवेला (33) का विकेट गंवाया। खराब रोशनी के कारण स्थानीय समयानुसार तीन बजकर 30 मिनट पर दूसरे दिन का खेल समाप्त कर दिया गया।
मार्च 2009 में लाहौर में श्रीलंकाई टीम के बस काफिले पर आतंकवादी हमले के बाद से पाकिस्तान में यह पहली टेस्ट सीरीज है।