अमर उजाला और लीजेंड्स लीग क्रिकेट द्वारा आयोजित की जा रही एलएलसीटेन 10 लीग के ट्रायल में सफल हुए 215 खिलाड़ियों के लिए बुधवार को बोली का आयोजन किया गया। नई दिल्ली के हॉलिडे इन होटल में हुए इस आयोजन में 12 टीमों के मालिकों ने जमकर पैसा लगाया। 25 हजार की बेस प्राइज वाले तीन खिलाड़ियों की बोली 1 लाख और उसके ऊपर तक चली गई। 12 टीमों ने कुल 196 खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ पर 1.2 करोड़ रुपए खर्च किए। हर टीम ने 16 खिलाड़ियों का स्क्वाड बनाया। जिसमें 3 आइकन प्लेयर, 3 यूपी से बाहर के प्लेयर और 10 खिलाड़ी उत्तर प्रदेश के रखे गए।
बेहतरीन खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल करने के लिए
टीमों के बीच बोली के दौरान जमकर प्रतिस्पर्धा देखी गई। 25 हजार बेस प्राइज वाले बसंत हुसैन वानी को ब्रज वॉरियर्स ने 1 लाख रुपये में खरीदा, इतने ही बेस प्राइज के लोकेश मीना को इनवर्टिस सुपर किंग्स द्वारा 1 लाख 12 हजार 500 रुपये में खरीदा। और 25 हजार बेस प्राइज वाले धर्मेंद्र कुमार को वेंकटेश्वर लायंस ने 1 लाख 7 हजार रुपये में खरीदा। इससे पहले अमर उजाला के इमर्जिंग बिजनेस हेड हिमांशु गौतम ने कहा कि मैं इस क्षण का लंबे समय से इंतजार कर रहा था। उन्होंने सभी हितधारकों का लीग के विजन में विश्वास जताने और एलएलसीटेन10 का हिस्सा बनने के लिए आभार व्यक्त किया।
भारत में क्रिकेट प्रतिभाओं की कमी नहीं है- जॉन्टी रोड्स
एलएलसी के को फाउंडर रमन रहेजा ने कहा कि 3 करोड़ से ज्यादा युवा देश में टेनिस बॉल से क्रिकेट खेल रहे हैं। ये युवाओं के बीच अब खासा लोकप्रिय हो गया है। एलएलसीटीईएन10 के लीग कमिश्नर जॉन्टी रोड्स ने कहा, "भारत में क्रिकेट प्रतिभाओं की कमी नहीं है। देश की हर गली में टेनिस बॉल क्रिकेट खेला जा रहा है।" उन्होंने आगे कहा, "90 के दशक में मुझे 'फादर ऑफ फील्डिंग' कहा जाता था, लेकिन अब मैं 'ग्रैंड फादर ऑफ फील्डिंग' बन चुका हूं।"
रोड्स ने आगे कहा, "मैंने दक्षिण अफ्रीकी टीम से खेला, वहां 20 लीग लॉन्च की और आईपीएल की लखनऊ सुपर जायंट्स टीम के लिए काम किया। लखनऊ से मुझे काफी लगाव है। एलएलसी टेन 10 भी लखनऊ में आयोजित होने जा रहा है यह भारत के युवा खिलाड़ियों के लिए एक बेहतरीन मौका है।
चीफ सेलेक्टर चेतन शर्मा ने क्या कहा
चीफ सेलेक्टर चेतन शर्मा ने कहा, "एलएलसीटीईएन10 के खिलाड़ियों का चयन करना आसान नहीं है। भारतीय टीम को 600 खिलाड़ियों से चुना जाता है, जबकि यहां 75 हजार खिलाड़ियों ने रजिस्टर किया था। उत्तर प्रदेश के 11 शहरों में ट्रायल्स के बाद हमने 600 खिलाड़ियों को चुना, जिनमें से 215 खिलाड़ियों पर 12 टीमों ने बोली लगाई।" चेतन शर्मा ने आगे कहा, "चुने गए सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं। यह उनके लिए एक बेहतरीन मौका है और हमें उम्मीद है कि वे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे।" क्योंकि देश में अब लाल, सफेद और गुलाबी गेंद के बाद हरी टेनिस बॉल का जादू छाने जा रहा है।