एशेज टेस्ट सीरीज और भारत के खिलाफ सीमित ओवरों के मुकाबलों ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की कमाई को नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने 2025-26 वित्तीय वर्ष में रिकॉर्ड 601.1 मिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (करीब 423 मिलियन अमेरिकी डॉलर) का राजस्व दर्ज किया। इस दौरान संस्था को 81.8 मिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (करीब 57 मिलियन अमेरिकी डॉलर या 547.32 करोड़ भारतीय रुपये) का शुद्ध मुनाफा हुआ। इससे पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को 11.3 मिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर का घाटा हुआ था।
एशेज और भारत सीरीज से रिकॉर्ड कमाई
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बुधवार को बताया कि इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू एशेज टेस्ट सीरीज और भारत के खिलाफ सीमित ओवरों की सीरीज ने मीडिया अधिकारों, व्यावसायिक साझेदारियों और मैच के दिन होने वाली कमाई के नए रिकॉर्ड बनाने में अहम भूमिका निभाई। ऑस्ट्रेलिया की पुरुष टीम ने घरेलू एशेज सीरीज में इंग्लैंड को 4-1 से हराकर खिताब बरकरार रखा था। वहीं, पिछले साल अक्तूबर-नवंबर में ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ वनडे सीरीज 2-1 से जीती, जबकि टी20 सीरीज में भारत ने 2-1 से बाजी मारी थी।
एशेज देखने पहुंचे रिकॉर्ड दर्शक
एशेज सीरीज के दौरान दर्शकों की संख्या ने भी नया रिकॉर्ड बनाया। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अनुसार, 18 दिनों में कुल 8,59,580 दर्शक स्टेडियम पहुंचे। इस दौरान प्रति दिन औसतन 47,754 दर्शकों की मौजूदगी रही। ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए लॉर्ड्स में इंग्लैंड को हराकर सातवीं बार आईसीसी महिला टी20 विश्व कप का खिताब जीता। इन उपलब्धियों ने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के लिए सफल सत्र को और खास बनाया।
अगले दो साल घाटे का अनुमान
रिकॉर्ड कमाई के बावजूद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने 2026-27 और 2027-28 वित्तीय वर्षों में घाटे का अनुमान जताया है। संस्था के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय दौरों के कार्यक्रम के कारण मीडिया अधिकारों और मैचों से होने वाली कमाई में चक्रीय गिरावट इसकी वजह होगी। ऑस्ट्रेलिया की पुरुष टीम फिलहाल दक्षिण अफ्रीका में टेस्ट सीरीज खेल रही है। इसके बाद वह 13 नवंबर से घरेलू मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ सीमित ओवरों की सीरीज खेलेगी। नौ दिसंबर से आठ जनवरी तक न्यूजीलैंड के खिलाफ चार टेस्ट मैच होंगे। इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम 21 जनवरी से नागपुर में भारत के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज शुरू करेगी।