बीसीसीआई 15 मार्च को नई दिल्ली में ‘नमन’ वार्षिक पुरस्कार समारोह आयोजित करेगा, जिसमें पिछले एक साल में आईसीसी ट्रॉफी जीतने वाली पांच भारतीय टीमों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें टी20 वर्ल्ड कप 2026 विजेता पुरुष टीम, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी विजेता टीम, सीनियर महिला टीम और अंडर-19 लड़के-लड़कियों की टीमें शामिल होंगी।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) 15 मार्च को नई दिल्ली में अपने वार्षिक पुरस्कार समारोह ‘नमन’ का आयोजन करने जा रहा है। इस खास कार्यक्रम में पिछले लगभग एक साल के दौरान आईसीसी टूर्नामेंट जीतने वाली पांच भारतीय टीमों को सम्मानित किया जाएगा।
विज्ञापन
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने मंगलवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि इस समारोह में भारतीय क्रिकेट की हालिया अंतरराष्ट्रीय सफलताओं का जश्न मनाया जाएगा। साथ ही 2024-25 सीजन में अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मान दिया जाएगा।
भारत की विजेता टीमें
- फोटो : ICC/BCCI
ICC ट्रॉफी जीतने वाली पांच टीमों को मिलेगा सम्मान
बीसीसीआई के इस कार्यक्रम में पिछले एक साल में आईसीसी खिताब जीतने वाली पांच अलग-अलग भारतीय टीमों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने वाली भारतीय पुरुष टीम भी शामिल है। इसके अलावा 2025 वनडे विश्वकप चैंपियन सीनियर महिला टीम, 2026 अंडर-19 विश्वकप चैंपियन आयुष म्हात्रे की टीम और 2025 अंडर-19 विश्वकप जीतने वाली भारतीय बेटियों की टीम शामिल हैं। टीम के साथ कोचिंग स्टाफ को भी इस समारोह में बुलाया जाएगा।
देवजीत सैकिया ने बताया, 'बीसीसीआई अवॉर्ड्स समारोह 15 मार्च को नई दिल्ली में होगा। हम हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम सहित सभी आईसीसी टूर्नामेंट विजेता टीमों और उनके कोचों को आमंत्रित करने जा रहे हैं। सीनियर पुरुष टीम के अलावा सीनियर महिला टीम, अंडर-19 लड़कों और अंडर-19 लड़कियों की टीम, जिन्होंने 2025 में ट्रॉफी जीती थी, उन्हें भी बुलाया जाएगा।'
चैंपियंस ट्रॉफी 2025
- फोटो : ANI
चैंपियंस ट्रॉफी विजेता टीम भी होगी सम्मानित
सैकिया ने यह भी बताया कि 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली भारतीय टीम के खिलाड़ियों को भी इस समारोह में सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा, 'हम 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली टीम के खिलाड़ियों को भी आमंत्रित करेंगे। पिछले लगभग एक साल में भारतीय टीमों ने कुल पांच आईसीसी ट्रॉफी जीती हैं और उन सभी टीमों के सदस्यों को इस अवॉर्ड नाइट में सम्मानित किया जाएगा। यह एक शानदार शाम होगी।'
दिल्ली के पांच सितारा होटल में होगा आयोजन
सूत्रों के मुताबिक यह समारोह नई दिल्ली के एक पांच सितारा होटल में आयोजित किया जाएगा, जो एयरपोर्ट के पास स्थित होगा। ऐसा इसलिए किया जा रहा है क्योंकि भारतीय पुरुष टीम के कई खिलाड़ियों को कार्यक्रम के बाद सीधे अपनी-अपनी आईपीएल फ्रेंचाइजी से जुड़ना है। आईपीएल 2026 का सीजन 28 मार्च से शुरू होने वाला है और उससे पहले सभी टीमों के प्री-सीजन कैंप शुरू हो जाएंगे।
टी20 विश्व कप चैंपियन भारतीय टीम
- फोटो : ICC
टी20 वर्ल्ड कप विजेता टीम को मिला 131 करोड़ का इनाम
इससे पहले बीसीसीआई ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने वाली भारतीय टीम और सपोर्ट स्टाफ के लिए 131 करोड़ रुपये की इनामी राशि का एलान किया था। यह राशि 2024 में टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम को दी गई 125 करोड़ रुपये की इनामी राशि से छह करोड़ रुपये ज्यादा है।
देवजीत सैकिया ने कहा, '2026 टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम के इनाम की राशि का पूरा बंटवारा जल्द बताया जाएगा। लेकिन 131 करोड़ रुपये की कुल राशि किसी भी विजेता भारतीय टीम को बीसीसीआई द्वारा दी गई अब तक की सबसे बड़ी राशि है। इसमें खिलाड़ियों के अलावा सपोर्ट स्टाफ और चयनकर्ताओं को भी हिस्सा मिलेगा।'
भारतीय क्रिकेट के लिए जश्न का मौका
पिछले एक साल में अलग-अलग स्तरों पर भारतीय टीमों की शानदार सफलता ने भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। ऐसे में बीसीसीआई का ‘नमन’ अवॉर्ड समारोह सिर्फ खिलाड़ियों को सम्मानित करने का मंच ही नहीं होगा, बल्कि भारतीय क्रिकेट की उपलब्धियों का जश्न मनाने का भी खास मौका बनेगा।