फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बीसीसीआई एजीएम: अगरकर के भविष्य पर फैसला अब पदाधिकारियों के हाथ; अरुण धूमल बने रहेंगे आईपीएल के चेयरमैन

Fri, 18 Sep 2026 05:21 PM IST
शिवम गर्ग स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

सार

बीसीसीआई की एजीएम में अजीत अगरकर के भविष्य को लेकर बड़ा फैसला हुआ। चयन समिति से जुड़े मामलों पर निर्णय लेने का अधिकार बोर्ड के पदाधिकारियों को सौंपा गया है। अब अगरकर के कार्यकाल को बढ़ाने या नए मुख्य चयनकर्ता की नियुक्ति पर फैसला उन्हीं को करना है।
विज्ञापन
अजीत अगरकर - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की 95वीं वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर के भविष्य को लेकर अहम फैसला हुआ है। बोर्ड की सदस्य इकाइयों ने चयन समिति से जुड़े मामलों पर फैसला लेने के लिए बीसीसीआई के पदाधिकारियों को अधिकृत कर दिया है। ऐसे में अब अगरकर को पद पर बरकरार रखने या उनकी जगह नया चेयरमैन नियुक्त करने का फैसला बोर्ड के पदाधिकारी करेंगे।

विज्ञापन


अजीत अगरकर इस समय पुरुषों की सीनियर चयन समिति के अध्यक्ष हैं। उनका मौजूदा कार्यकाल अक्तूबर की शुरुआत में खत्म होने वाला है। इसी वजह से एजीएम से पहले उनके भविष्य को लेकर चर्चा तेज थी। बैठक के बाद बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि पदाधिकारियों को चयन समितियों से जुड़े मामलों पर फैसला लेने के लिए अधिकृत किया गया है। हालांकि, एजीएम में अगरकर के कार्यकाल को बढ़ाने या नए चेयरमैन की नियुक्ति को लेकर तत्काल कोई अंतिम घोषणा नहीं की गई।

बीसीसीआई एजीएम 2026 - फोटो : BCCI
जूनियर चयन समिति में भी भरने हैं पांच पद
बीसीसीआई के सामने सिर्फ सीनियर चयन समिति का मुद्दा नहीं है। बोर्ड जूनियर चयन समिति के सभी पांच पदों को भी भरने की तैयारी में है। ऐसे में आने वाले समय में चयन व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले देखने को मिल सकते हैं।

अगरकर को जुलाई 2023 में पुरुष सीनियर चयन समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। बीसीसीआई के आधिकारिक रिकॉर्ड के मुताबिक, उनके साथ उस समय शिव सुंदर दास, सुब्रतो बनर्जी, सलिल अंकोला और श्रीधरन शरथ चयन समिति में शामिल थे।
 

आईपीएल गवर्निंग काउंसिल में अरुण धूमल और खैरुल जमाल मजूमदार फिर चुने गए
आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल और खैरुल जमाल मजूमदार को आईपीएल गवर्निंग काउंसिल में एक बार फिर निर्विरोध चुना गया है। बीसीसीआई मुख्यालय में हुई एजीएम के बाद बोर्ड के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने बैठक को सफल बताया। उन्होंने कहा कि एजीएम में सभी फैसले आपसी सहमति से लिए गए। राजीव शुक्ला ने बताया कि अरुण धूमल और खैरुल जमाल मजूमदार को दोबारा आईपीएल गवर्निंग काउंसिल में चुना गया है।

एजीएम में आईपीएल के 20वें संस्करण को लेकर भी बड़ा फैसला लिया गया। बीसीसीआई 2027 में होने वाले आईपीएल के 20 साल पूरे होने के मौके को खास तरीके से मनाएगा। बोर्ड ने इसके लिए तैयारियां पहले से शुरू करने का निर्णय लिया है, ताकि टूर्नामेंट की दो दशक लंबी यात्रा का जश्न बड़े स्तर पर मनाया जा सके।

अंपायरों और मैच रेफरी के भुगतान ढांचे में बदलाव
घरेलू क्रिकेट से जुड़े अंपायरों और मैच रेफरी के लिए अहम फैसला लिया गया। एजीएम में उनके भुगतान ढांचे में बदलाव और नए ग्रेड सिस्टम को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी गई। इसके साथ ही बोर्ड ने कई वित्तीय और प्रशासनिक प्रस्तावों पर भी मुहर लगाई। बीसीसीआई ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के ऑडिट किए गए खातों को औपचारिक रूप से स्वीकार कर लिया। वहीं, वित्तीय वर्ष 2026-27 के वार्षिक बजट को भी मंजूरी दी गई। इसके अलावा अगले वित्तीय चक्र के लिए ऑडिटर्स की नियुक्ति को भी स्वीकृति मिल गई।

2028 में बीसीसीआई के 100 साल पूरे होंगे
बीसीसीआई ने 2028 में अपने 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शताब्दी समारोह आयोजित करने की तैयारी भी शुरू करने का फैसला किया है। बोर्ड के मुताबिक यह समारोह केवल एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे साल विभिन्न आयोजनों के साथ मनाया जाएगा। बीसीसीआई के अनुसार, शताब्दी समारोह दिसंबर 2027 से शुरू होंगे और पूरे 2028 तक जारी रहेंगे। इन आयोजनों के जरिए भारतीय क्रिकेट की लंबी यात्रा, उसकी उपलब्धियों और खेल के विकास में उसके योगदान को याद किया जाएगा।
विज्ञापन

AGM में सौरव गांगुली और वेंकटेश प्रसाद भी पहुंचे
बीसीसीआई की 95वीं एजीएम में बोर्ड से जुड़े राज्य संघों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल की ओर से और पूर्व तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से मौजूद रहे।

मुंबई को बड़े मैच देने की मांग
मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) ने बीसीसीआई से प्रमुख मुकाबलों की मेजबानी के लिए मुंबई पर भी विचार करने का अनुरोध किया। एमसीए के सचिव उन्मेष खानविलकर ने इसकी जानकारी दी।

वांखेड़े स्टेडियम में करीब दो साल से टेस्ट मैच नहीं हुआ है। यहां आखिरी टेस्ट मुकाबला 2024 के अंत में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया था। मुंबई में आने वाले समय में महिला क्रिकेट से जुड़े मुकाबले भी प्रस्तावित हैं, जिनमें अगले साल होने वाली महिला चैंपियंस लीग और महिला प्रीमियर लीग के कुछ मुकाबले शामिल हैं।

रांची में टेस्ट को लेकर सौरभ तिवारी ने किया साफ
वहीं, झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव और पूर्व भारतीय क्रिकेटर सौरभ तिवारी ने भारत-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट को रांची से कहीं और स्थानांतरित किए जाने की जानकारी से इनकार किया। तिवारी ने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि अगर बीसीसीआई को इस संबंध में कोई पत्र भेजना होगा तो वह उनकी ओर से ही भेजा जाएगा। उनके मुताबिक, एजीएम में इस मुद्दे पर कोई चर्चा नहीं हुई।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें