पाकिस्तान को इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में बाबर आजम की टीम को दो मैचों में शर्मनाक हार झेलनी पड़ी है। इंग्लिश टीम ने 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। इन दो हारों से पाकिस्तान की टीम विश्व टेस्ट चैंपियनशिप रैंकिंग में आखिरी स्थान पर पहुंच गई है। अब पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बासित अली ने बाबर पर निशाना साधा है और कहा है कि वह सिर्फ सोशल मीडिया पर महान हैं। बासित ने कहा कि बाबर को उनके फैंस और पीआर टीम भले ही वर्ल्ड क्लास बैटर मानते हों, लेकिन वह पाकिस्तान के महान बल्लेबाजों के आसपास भी नहीं हैं। मुश्किल परिस्थितियों में उनकी बल्लेबाजी फुस्स है।
बासित ने बाबर को लताड़ा
बासित ने 'द गेम प्लान' शो में कहा, 'कोई भी महान खिलाड़ी इसी तरह नहीं बन जाता। महान बल्लेबाजों से मेरा यहां मतलब सचिन तेंदुलकर से नहीं है। मैं अपने देश के क्रिकेटरों की बात कर रहा। जब आप मुश्किल परिस्थितियों में अच्छा नहीं खेलेंगे, तो बातें करके क्या फायदा है। आप अपने फॉलोअर्स में महान खिलाड़ी कहलाते होंगे। सोशल मीडिया पर आप महान होंगे। लेकिन जब बात खेलने की आती है तो वो आप कब करेंगे? मैं यहां बाबर आजम की बात कर रहा हूं। मैं उनका नाम लूंगा। उन्होंने चार साल से टेस्ट में कोई शतक नहीं लगाया। अब आप कब बनाएंगे शतक? यह हमारे लिए दर्द का विषय है। जब पूरे देश की बल्लेबाजी आप पर टिकी है तो आप खराब शॉट खेलकर आउट हो रहे। कम से कम आप खराब शॉट खेलकर अपना विकेट गिफ्ट में देना तो बंद कर सकते।'
बासित अली
- फोटो : twitter
बाबर ने इस साल पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए
हाल ही में फिर से पाकिस्तान के टेस्ट कप्तान नियुक्त हुए बाबर ने इस साल आठ टेस्ट में 53.66 की औसत से 322 रन बनाए हैं। वह पिछले लगभग चार साल से टेस्ट में कोई शतक नहीं लगा पाए हैं। बाबर ने इंग्लैंड से पहले वेस्टइंडीज सीरीज में पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए थे। उन्होंने दो अर्धशतक की मदद से 193 रन बनाए थे और उनका औसत 96.50 का रहा था। हालांकि, इंग्लैंड दौरे पर पहला टेस्ट चोट के कारण मिस करने के बाद लॉर्ड्स में दूसरे टेस्ट में वह आठ और छह रन ही बना सके। इस सीरीज से पहले तक बाबर का इंग्लैंड में रिकॉर्ड शानदार रहा था। उन्होंने इस सीरीज से पहले छह पारियों में 65.75 की औसत से रन बनाए थे और इनमें तीन अर्धशतक शामिल हैं।
इंग्लैंड में कोई शतक नहीं लगा पाए हैं बाबर
हालांकि, इस सीरीज को मिला दिया जाए तो बाबर ने इंग्लैंड में आठ पारियों में 46.16 की औसत से 277 रन बनाए हैं। इनमें कोई शतक नहीं, और तीन अर्धशतक हैं। ओवरऑल इंग्लैंड के खिलाफ बाबर ने 16 टेस्ट पारियों में 47.14 की औसत से 660 रन बनाए हैं। इनमें एक शतक और छह अर्धशतक शामिल हैं। बाबर साल 2023 से टेस्ट में कोई शतक नहीं लगा पाए हैं। एक जनवरी 2023 से अब तक उन्होंने 19 टेस्ट की 37 पारियों में 29.8 की खराब औसत से 1043 रन बनाए हैं। इनमें सात अर्धशतक शामिल हैं। उनका उच्चतम स्कोर 83 रन का रहा है।
बाबर आजम
- फोटो : PTI
पाकिस्तान के लिए किसने बनाए सबसे ज्यादा रन
इस दौरान (एक जनवरी 2023 से अब तक) पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा रन सऊद शकील, शान मसूद और सलमान आगा ने बनाए हैं। सऊद ने 40 पारियों में चार शतक और छह अर्धशतक की मदद से 1511 रन, शान मसूद ने 43 पारियों में तीन शतक और आठ अर्धशतक की मदद से 1381 रन और सलमान आगा ने 41 पारियों में दो शतक और नौ अर्धशतक की मदद से 1332 रन बनाए हैं। रिजवान ने भी बाबर से ज्यादा रन बनाए हैं। रिजवान ने 37 पारियों में एक शतक और सात अर्धशतक की मदद से 1309 रन बनाए हैं।