फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पाकिस्तान क्रिकेट: मोहम्मद यूसुफ से बल्लेबाजी के गुर सीखने को तैयार बाबर आजम, बोले- मौका मिला तो जरूर सीखूंगा

Sun, 08 Nov 2026 08:36 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

पाकिस्तान के टेस्ट कप्तान बाबर आजम ने पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद यूसुफ से बल्लेबाजी की सलाह लेने की इच्छा जताई है। यूसुफ ने खराब फॉर्म से जूझ रहे बाबर को तकनीकी खामियां दूर करने के लिए इंग्लैंड या ऑस्ट्रेलिया की क्रिकेट अकादमी में विशेष कोचिंग लेने का सुझाव दिया था। 

विज्ञापन
बाबर आजम - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पाकिस्तान के टेस्ट कप्तान बाबर आजम ने पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद यूसुफ से बल्लेबाजी की सलाह लेने की इच्छा जताई है। यूसुफ ने हाल ही में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) को सुझाव दिया था कि खराब फॉर्म से जूझ रहे बाबर को अपनी तकनीकी खामियों को दूर करने के लिए इंग्लैंड या ऑस्ट्रेलिया की किसी क्रिकेट अकादमी में भेजा जाना चाहिए। इस पर बाबर ने कहा कि सीखने की प्रक्रिया कभी खत्म नहीं होती और अगर यूसुफ उनसे संपर्क करते हैं तो वह उनसे जरूर सीखेंगे।
विज्ञापन
Trending Videos

यूसुफ ने जताई थी चिंता
दरअसल, मोहम्मद यूसुफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बाबर की मौजूदा बल्लेबाजी पर चिंता जताई थी। उन्होंने कहा था कि बाबर को तब तक प्रथम श्रेणी क्रिकेट नहीं खेलना चाहिए, जब तक वह विशेषज्ञ कोचों की मदद से अपनी तकनीकी कमियों को दूर नहीं कर लेते। यूसुफ का मानना है कि घरेलू क्रिकेट में लगातार खराब प्रदर्शन से बाबर का आत्मविश्वास और करियर प्रभावित हो सकता है।

यूसुफ ने इंग्लैंड या ऑस्ट्रेलिया भेजने की दी थी सलाह
मोहम्मद यूसुफ ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से बाबर आजम को इंग्लैंड या ऑस्ट्रेलिया की किसी क्रिकेट अकादमी में भेजने की अपील की थी। उनका मानना है कि विशेषज्ञ कोचों के मार्गदर्शन और थोड़ी मेहनत से बाबर अपनी पुरानी फॉर्म हासिल कर सकते हैं। यूसुफ ने एक्स पर लिखा था, 'मुझे नहीं लगता कि बाबर आजम को अपनी तकनीकी खामियां दूर करने के लिए विशेष कोचिंग लेने तक प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेलना चाहिए। घरेलू क्रिकेट में संघर्ष करने से उनका आत्मविश्वास और करियर प्रभावित हो सकता है।'

उन्होंने आगे लिखा, 'उन्हें इंग्लैंड या ऑस्ट्रेलिया की किसी अकादमी में भेजिए। वह अब भी पाकिस्तान के शीर्ष खिलाड़ी हैं और सही मार्गदर्शन तथा थोड़ी मेहनत से अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पर लौट सकते हैं। मैंने चार साल पहले भी यह बात कही थी, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। कृपया अब इस पर ध्यान दें।'

'यूसुफ संपर्क करेंगे तो उनसे जरूर सीखूंगा'
श्रीलंका के खिलाफ पाकिस्तान के पहले टेस्ट से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में बाबर आजम से मोहम्मद यूसुफ की सलाह को लेकर सवाल किया गया। इस पर उन्होंने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। बाबर ने कहा कि उन्होंने अभी तक यूसुफ से संपर्क नहीं किया है, लेकिन अगर वह उनसे बात करते हैं तो उनके अनुभव से सीखने के लिए तैयार हैं।

जियो सुपर के मुताबिक, बाबर ने कहा, 'जैसा कि आपने कहा, सीखने की प्रक्रिया कभी खत्म नहीं होती। मैंने अभी तक उनसे संपर्क नहीं किया है। मेरा मानना है कि उन्होंने सोशल मीडिया पर कुछ लोगों से संपर्क किया है, लेकिन मुझसे सीधे बात नहीं की है। अगर वह मुझसे संपर्क करते हैं तो इंशाअल्लाह मैं उनसे सीखूंगा। वह एक दिग्गज खिलाड़ी और पाकिस्तान के महानतम बल्लेबाज हैं।'
विज्ञापन

अपने आउट होने की जिम्मेदारी खुद लेते हैं बाबर
इस दौरान बाबर आजम ने हाल के दिनों में अलग-अलग तरीकों से आउट होने को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि क्रिकेट में किसी बल्लेबाज का अलग-अलग परिस्थितियों में आउट होना खेल का हिस्सा है। ऐसा जरूरी नहीं है कि बल्लेबाज हर बार एक ही कमजोरी या एक ही तरीके से अपना विकेट गंवाए। बाबर ने कहा, 'आप किसी भी समय और अलग-अलग तरीकों से आउट हो सकते हैं। यह जरूरी नहीं है कि आप हमेशा एक ही पैटर्न या तरीके से आउट हों। इसके पीछे अलग-अलग कारण हो सकते हैं, लेकिन यह खेल का हिस्सा है।' उन्होंने आगे कहा, 'मेरे मामले में जब भी मैं आउट होता हूं तो इसकी जिम्मेदारी खुद लेता हूं। यह मेरी जिम्मेदारी और मेरी कमियां हैं। हर किसी का अपना नजरिया और सोचने का तरीका होता है।'
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें