ऑस्ट्रेलिया बनाम बांग्लादेश पहला टेस्ट (हसन महमूद जश्न मनाते हुए)
- फोटो : ANI
ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच डार्विन में दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है। पहले दिन का खेल खत्म हो चुका है और बांग्लादेश ने एक विकेट गंवाकर 96 रन बना लिए हैं। तंजिद हसन तमीम 32 और मोमिनुल हक 35 रन बनाकर नाबाद हैं। बांग्लादेश को 36 के स्कोर पर एकमात्र झटका लगा। मिचेल स्टार्क ने शदमान इस्लाम को लियोन के हाथों कैच कराया। वह 30 गेंद में 20 रन बना सके।
ऑस्ट्रेलिया कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। हालांकि उनके इस फैसले को बांग्लादेश के तेज गेंदबाज हसन महमूद ने गलत साबित किया। उनकी घातक गेंदबाजी के आगे कंगारुओं ने घुटने टेक दिए। हसन महमूद ने छह विकेट झटके और ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी को 198 रन पर समेट दिया। बांग्लादेश की ओर से हसन के अलावा तस्कीन अहमद और इबादत हुसैन को दो-दो विकेट मिले।