ऑस्ट्रेलिया का दक्षिण अफ्रीका दौरा 24 सितंबर से शुरू होने जा रहा है। इस दौरे पर दोनों टीमों के बीच तीन वनडे और तीन टेस्ट मैच खेले जाएंगे। 2018 में हुए सैंडपेपर गेट विवाद के बाद यह पहली बार है जब ऑस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज के लिए दक्षिण अफ्रीका का दौरा कर रहा है। ऐसे में इस सीरीज को लेकर पहले से ही चर्चा है। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस का मानना है कि 2018 के सैंडपेपर विवाद का असर इस दौरे पर कुछ हद तक देखने को मिल सकता है। उन्होंने कहा कि टेस्ट सीरीज के दौरान थोड़ी दुश्मनी हो सकती है, हालांकि उनका मानना है कि यह एशेज सीरीज से ज्यादा शोरगुल वाला नहीं होगा।
'थोड़ी दुश्मनी हो सकती है'
कमिंस ने ‘कीपिन इट क्रिकेट’ पॉडकास्ट के दौरान दक्षिण अफ्रीका में होने वाली टेस्ट सीरीज को लेकर कहा, 'टेस्ट सीरीज के दौरान थोड़ी दुश्मनी हो सकती है। लेकिन यह एशेज सीरीज से ज्यादा शोरगुल वाला नहीं हो सकता। बर्मिंघम, एजबेस्टन का हॉलीज स्टैंड, वह बहुत शोरगुल वाला हो जाता है।' कमिंस ने दक्षिण अफ्रीका में टेस्ट खेलने के अपने अनुभव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वहां भीड़ के कुछ हिस्सों की प्रतिक्रिया देखने को मिल सकती है, लेकिन वह पहले भी ऐसी परिस्थितियों का सामना कर चुके हैं। उन्होंने कहा, 'जब से मैं दक्षिण अफ्रीका गया हूं, भीड़ के कुछ हिस्से ऐसे होते हैं जो अटक जाते हैं, लेकिन मुझे लगता है कि हमने यह सब पहले भी देखा है। सबसे जरूरी बात, मैं कैप्टन हूं, इसलिए मैं बीच में हूं, मैं दर्शकों के पास नहीं रहूंगा।'
'अब तक वह मामला शांत हो गया होगा'
2018 के सैंडपेपर गेट विवाद को लेकर कमिंस ने उम्मीद जताई कि अब तक मामला शांत हो चुका होगा। उन्होंने साफ किया कि उनकी टीम का ध्यान क्रिकेट पर रहेगा। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने कहा, 'मेरा मानना है कि अब तक वह मामला शांत हो गया होगा। हमारा फोकस क्रिकेट पर रहेगा।' उन्होंने यह भी कहा कि तीन टेस्ट मैचों की सीरीज शुरू होने के बाद खिलाड़ी क्रिकेट में व्यस्त हो जाएंगे और ध्यान मैदान पर केंद्रित हो जाएगा। कमिंस ने कहा, 'हर कोई आगे बढ़ जाता है। अच्छी बात यह है कि तीन टेस्ट में, आप क्रिकेट में फंस जाते हैं, और हर कोई बहुत जल्दी क्रिकेट के बारे में चिंता करने लगता है।'
'भीड़ में कुछ गुस्सैल लोग होंगे'
कमिंस ने माना कि सीरीज के दौरान कुछ लोगों की तरफ से पुराना मुद्दा उठाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि भीड़ में कुछ गुस्सैल लोग हो सकते हैं और मीडिया में भी इस मुद्दे से जुड़ी बातें सामने आ सकती हैं। हालांकि, उनके मुताबिक ऑस्ट्रेलियाई टीम इस मामले से आगे बढ़ चुकी है। उन्होंने कहा, 'मुझे यकीन है कि भीड़ में कुछ गुस्सैल लोग होंगे, और कुछ आर्टिकल या मीडिया में ऐसी बातें सामने आएंगी। लेकिन हमारा ग्रुप आगे बढ़ गया है।'
2018 में बॉल-टैम्परिंग विवाद ने मचाया था हंगामा
2018 में बॉल-टैम्परिंग के मुद्दे ने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट को मुश्किल में डाल दिया था। इस विवाद के बाद ऑस्ट्रेलिया के तत्कालीन खिलाड़ियों स्टीव स्मिथ और डेविड वार्नर पर एक साल का प्रतिबंध लगाया गया था। वहीं, कैमरन बैनक्रॉफ्ट पर नौ महीने का बैन लगा था। अब उसी विवाद के बाद ऑस्ट्रेलिया पहली बार दक्षिण अफ्रीका में टेस्ट सीरीज खेलने जा रहा है। ऐसे में दोनों टीमों के बीच होने वाली तीन मैचों की टेस्ट सीरीज पर खास नजर रहेगी।
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से भी अहम सीरीज
ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका दोनों टीमों के लिए यह टेस्ट सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने के लिहाज से बेहद अहम है। ऐसे में तीन टेस्ट मैचों की यह सीरीज दोनों टीमों के लिए महत्वपूर्ण होगी। 24 सितंबर से शुरू होने वाले दक्षिण अफ्रीका दौरे में पहले तीन वनडे और उसके बाद तीन टेस्ट मैच खेले जाएंगे। सीरीज को लेकर दुनियाभर के क्रिकेट प्रशंसकों की नजर रहेगी।