फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भारत vs वेस्टइंडीज: अर्शदीप ने कर ली ईशान और कुलदीप की बराबरी, लेकिन इस रिकॉर्ड से अब भी दूर; कौन है उनसे आगे?

Mon, 12 Oct 2026 12:58 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, इंदौर

सार

अर्शदीप सिंह ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे टी20 में तीन विकेट लेकर भारत की 14 रन की जीत में अहम भूमिका निभाई। 'प्लेयर ऑफ द मैच' का छठा पुरस्कार जीतकर उन्होंने ईशान किशन और कुलदीप यादव की बराबरी कर ली। हालांकि, इस मामले में भारतीय रिकॉर्ड सूर्यकुमार यादव के नाम है, जो 17 बार यह पुरस्कार जीत चुके हैं।
विज्ञापन
अर्शदीप - फोटो : IANS
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत और वेस्टइंडीज के बीच इंदौर में खेले गए तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में अर्शदीप सिंह ने गेंद से शानदार प्रदर्शन किया। उनके तीन विकेटों की मदद से भारतीय टीम ने 223 रन बनाने के बाद वेस्टइंडीज को 14 रन से हराया। इस प्रदर्शन के लिए अर्शदीप को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। इसके साथ ही उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय में यह पुरस्कार जीतने के मामले में ईशान किशन और कुलदीप यादव की बराबरी कर ली।

विज्ञापन
Trending Videos

अर्शदीप ने छठी बार जीता 'प्लेयर ऑफ द मैच' पुरस्कार
अर्शदीप सिंह ने भारत के लिए अब तक 97 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं। इनमें उन्होंने छह बार 'प्लेयर ऑफ द मैच' का पुरस्कार जीता है। इस प्रारूप में उनके नाम 144 विकेट हैं और उनका गेंदबाजी औसत 20.08 है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 51 रन देकर पांच विकेट लेना है। वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे टी20 में अर्शदीप ने चार ओवर में 44 रन देकर तीन विकेट झटके। वह इस मुकाबले में दोनों टीमों की ओर से तीन विकेट लेने वाले इकलौते गेंदबाज रहे। उनके प्रदर्शन ने भारतीय टीम को पांच मैचों की सीरीज में 2-1 की बढ़त दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

अर्शदीप ने पारी के दूसरे ओवर में वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप को बोल्ड करके भारत को शुरुआती सफलता दिलाई। इसके बाद उन्होंने शेरफेन रदरफोर्ड को 32 रन के निजी स्कोर पर क्लीन बोल्ड किया। रदरफोर्ड पिछले मुकाबले में शानदार पारी खेल चुके थे। अर्शदीप ने कीमो पॉल का विकेट भी हासिल किया।

ईशान और कुलदीप के बराबर पहुंचे, सूर्या सबसे आगे
टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत के लिए सबसे ज्यादा 'प्लेयर ऑफ द मैच' पुरस्कार जीतने का रिकॉर्ड सूर्यकुमार यादव के नाम है। वह अब तक 17 बार यह पुरस्कार अपने नाम कर चुके हैं। पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली 16 पुरस्कारों के साथ दूसरे और रोहित शर्मा 14 पुरस्कारों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। अक्षर पटेल, हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह ने आठ-आठ बार यह पुरस्कार जीता है। अभिषेक शर्मा और युवराज सिंह के नाम सात-सात पुरस्कार हैं। अर्शदीप अब छह पुरस्कारों के साथ ईशान किशन और कुलदीप यादव की बराबरी पर हैं।

टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत के लिए
सबसे ज्यादा 'प्लेयर ऑफ द मैच' पुरस्कार

खिलाड़ी

पुरस्कार

सूर्यकुमार यादव

17

विराट कोहली

16

रोहित शर्मा

14

अक्षर पटेल

8

हार्दिक पांड्या

8

जसप्रीत बुमराह

8

अभिषेक शर्मा

7

युवराज सिंह

7

अर्शदीप सिंह

6

ईशान किशन

6

कुलदीप यादव

6

'डेथ ओवर्स में रिवर्स स्विंग से गेंदबाजी करने में मजा आता है'
मैच के बाद अर्शदीप ने गेंद की रिवर्स स्विंग और टीम के माहौल पर बात की। उन्होंने बताया कि टीम में खराब प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी का हौसला बढ़ाया जाता है और सभी एक-दूसरे का साथ देते हैं। अर्शदीप ने कहा, 'यह बहुत अच्छा अनुभव था, गेंद थोड़ी रिवर्स हो रही थी और डेथ ओवर्स में रिवर्स स्विंग के साथ गेंदबाजी करने में हमेशा मजा आता है।'

जब उनसे पूछा गया कि टीम ऐसे दिनों से कैसे निपटती है, जब किसी गेंदबाज को विकेट नहीं मिलता, तो उन्होंने कहा, 'टीम में लीडर या सीनियर जैसा कुछ नहीं है। माहौल बहुत अच्छा और तनाव-मुक्त रहता है और जब भी किसी का दिन खराब होता है, तो हम उसका हौसला बढ़ाते हैं और कहते हैं कि कोई बात नहीं।' उन्होंने आगे कहा, 'एक इंटरनेशनल क्रिकेटर के तौर पर आप जानते हैं कि अच्छे और बुरे दिन आते रहते हैं और आप वापसी करके अच्छा प्रदर्शन करेंगे। मुझे व्यक्तिगत रूप से यह बहुत पसंद है जब बल्लेबाज हर चरण में आप पर जोरदार प्रहार करते हैं, क्योंकि तभी आप अपने कौशल और मानसिक मजबूती को परख सकते हैं।'
विज्ञापन

हालात के अनुसार ढलना जरूरी
अर्शदीप ने यह भी बताया कि व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम के बीच गेंदबाज किस तरह तैयारी करते हैं। उनके मुताबिक, नई और पुरानी गेंद से अभ्यास करना और परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा, 'मुख्य ध्यान बस जल्दी आकर नई और पुरानी गेंद से थोड़ी गेंदबाजी करने और हालात के अनुसार ढलने पर होता है।

शेड्यूल हमेशा व्यस्त रहता है और जो टीम जल्दी ढल जाती है, वही जीतती है।' तीसरे टी20 में भारत की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 223 रन पर ऑलआउट हुई थी। जवाब में वेस्टइंडीज की टीम 20 ओवर में सात विकेट पर 209 रन ही बना सकी। भारत और वेस्टइंडीज के बीच चौथा टी20 बुधवार को हैदराबाद में खेला जाएगा। सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला 17 अक्तूबर को बंगलूरू में होगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें