क्या है पूरा मामला?
टी20 विश्व कप 2026 में भारत से मिली हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में घमासान का दौर जारी है। टीम के ऑलराउंडर शादाब खान पूर्व खिलाड़ियों के निशाने पर आए थे। अफरीदी और यूसुफ समेत पूर्व खिलाड़ियों ने टीम से बाबर आजम, शाहीन अफरीदी और शादाब को ड्रॉप करने की मांग की थी। अफरीदी और यूसुफ ने प्लेइंग-11 में इनकी जगह पर सवाल उठाए थे। इसके जवाब में शादाब ने कहा था कि कम से कम वह उस टीम का हिस्सा रहे हैं जिसने आईसीसी टूर्नामेंट में भारत को हराया, जो पिछली पीढ़ी नहीं कर सकी थी। यही बयान अब विवाद की जड़ बन गया है।
सबसे पहले अफरीदी-यूसुफ की प्रतिक्रिया आई थी
- कोलंबो में 15 फरवरी को भारत के खिलाफ पाकिस्तान की हार के बाद, पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने टीम प्रबंधन से खराब प्रदर्शन के कारण बाबर आजम, शाहीन अफरीदी और शादाब खान जैसे सीनियर खिलाड़ियों को बाहर करने की मांग की थी।
- दूसरी ओर, मोहम्मद यूसुफ ने भी इसी तरह की टिप्पणी करते हुए कहा कि बाबर, शाहीन और शादाब का समय अब खत्म हो चुका है और टीम प्रबंधन को बेंच स्ट्रेंथ आजमाते हुए युवा खिलाड़ियों को प्लेइंग इलेवन में मौका देना चाहिए।
फिर शादाब ने अफरीदी-यूसुफ पर तंज कसा
- कोलंबो में खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान ने नामीबिया को 102 रन से हराया। इस मैच में शादाब ने 22 गेंदों पर 36 रन बनाए और तीन विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन मैच के बाद दिए गए बयान ने विवाद खड़ा कर दिया।
- प्रेस वार्ता में शादाब ने आलोचना का जवाब देते हुए कहा, 'पूर्व क्रिकेटरों की अपनी राय होती है। वे दिग्गज थे, लेकिन वे भी वह हासिल नहीं कर पाए जो हमने किया। हमने विश्व कप में भारत को हराया है।'
- शादाब यहां 2021 टी20 विश्वकप में भारत को हराने की बात कर रहे थे। यही एकमात्र विश्वकप मैच है, जिसमें भारत पाकिस्तान से हारा है। इसके अलावा पाकिस्तान ने हमेशा भारत से मुंह की खाई है। वनडे विश्वकप में पाकिस्तान भारत से आठ बार हारा है, जबकि टी20 विश्वकप में पाकिस्तान भारत से आठ बार है और एक बार जीता है।
सकलेन मुश्ताक, शादाब खान, शाहिद अफरीदी और यूसुफ
- फोटो : ANI/PCB
अफरीदी का करारा जवाब
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और दिग्गज खिलाड़ी शाहिद अफरीदी शादाब की इस प्रतिक्रिया से खुश नहीं हैं। एक पाकिस्तानी न्यूज चैनल पर बातचीत में अफरीदी ने कहा, 'शादाब ने बिल्कुल ठीक कहा। हम नहीं जीते, वो जीते। उन्हें इज्जत मिली, पर वो इज्जत संभाल नहीं पाए। 2021 के बाद उन्होंने जो कर दिखाया, उसके बाद अपने आपसी मसले नहीं संभाल पाए, न व्यक्तिगत तौर पर, न टीम के तौर पर।' अफरीदी ने 2021 टी20 विश्व कप में भारत पर मिली ऐतिहासिक जीत का जिक्र करते हुए कहा कि टीम उस सफलता को संभालने में नाकाम रही।
'जब वक्त खराब था, हम साथ खड़े थे'
अफरीदी ने यह भी याद दिलाया कि जब शादाब का प्रदर्शन गिर रहा था और उन्हें टीम से बाहर करने की चर्चा थी, तब पूर्व खिलाड़ी ही उनके समर्थन में थे। अफरीदी ने कहा, 'शादाब को ये भी पता होना चाहिए कि जब उससे प्रदर्शन नहीं हो रहा था, तब टीम से बाहर किया जा रहा था। हम ही टीवी चैनलों पर बैठकर बोलते थे कि शादाब टीम की रीढ़ है, उसके ओवर बहुत अहम हैं, बल्लेबाजी भी कर लेता है। सच बताऊं तो शादाब बहुत अच्छा लड़का है।'
शाहिद अफरीदी और वसीम अकरम
- फोटो : Instagram @Shahid Afridi and Fakhr Alam
'प्रदर्शन से जवाब दो'
अफरीदी ने साफ कहा कि क्रिकेट में जवाब बल्ले और गेंद से दिया जाता है। उन्होंने कहा, 'हमारे बारे में भी बहुत बातें की गईं। ‘लानत’ तक कहा गया। हमने सब सहा और प्रदर्शन से जवाब दिया- छोटी टीमों के खिलाफ नहीं, बड़ी टीमों के खिलाफ।' उन्होंने शादाब को सीधे संबोधित करते हुए कहा, 'शादाब मियां, आपकी परफॉर्मेंस भी नामीबिया के खिलाफ थी, आप न्यूजीलैंड के खिलाफ करके दिखाइए। बेटा, परफॉर्म करो। मुश्किल वक्त में हम आपके साथ खड़े रहे। प्रदर्शन करके हमें जवाब दो ताकि हम भी खामोश हो जाएं।'
पीसीबी ने दी सख्त हिदायत
शादाब का बयान कई पूर्व खिलाड़ियों को नागवार गुजरा। बताया जा रहा है कि टीम मैनेजर नावीद चीमा के माध्यम से पीसीबी ने शादाब को स्पष्ट संदेश दिया कि वे अपने शब्दों की मर्यादा रखें और दिग्गज खिलाड़ियों के प्रति सम्मान दिखाएं। टेलिकॉम एशिया स्पोर्ट्स ने सूत्रों के हवाले से लिखा कि पीसीबी ने टीम मैनेजर नावीद चीमा के जरिये ऑलराउंडर को यह संदेश दिया कि उन्हें पूर्व महान खिलाड़ियों के खिलाफ कठोर शब्दों का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। चीमा ने पीसीबी का मैसेज पढ़ा, जिसमें लिखा था, 'शादाब प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपनी सीमा से बाहर चले गए थे। सभी पूर्व खिलाड़ी, जिनमें उनके ससुर सकलैन मुश्ताक भी शामिल हैं, पाकिस्तान के सम्मानित महान खिलाड़ी हैं। उन्हें ऐसे शब्दों का प्रयोग नहीं करना चाहिए।'
सकलैन मुश्ताक और शादाब खान
- फोटो : ANI/Twitter
सकलैन मुश्ताक की नाराजगी
शादाब के ससुर और पूर्व दिग्गज स्पिनर सकलैन मुश्ताक ने भी उनके बयान पर असंतोष जताया था। उन्होंने कहा, 'ये अनावश्यक टिप्पणियां थीं। अधिकांश खिलाड़ी मेरे साथ खेले हैं। सच तो यह है कि मैं भी उन खिलाड़ियों में से हूं जिन्होंने आईसीसी ट्रॉफी नहीं जीती, लेकिन हमने पाकिस्तान के लिए कई बड़े टेस्ट और वनडे मुकाबले जीते।' उनका यह बयान दर्शाता है कि वरिष्ठ खिलाड़ियों को शादाब की भाषा पर आपत्ति है। शादाब ने 2023 में सकलैन की बेटी मलायका सकलैन से शादी की थी। पाकिस्तान के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज कामरान अकमल ने भी शादाब की टिप्पणी को अनुचित बताया। उन्होंने कहा, 'पूर्व खिलाड़ियों के खिलाफ ऐसे शब्दों का इस्तेमाल सावधानी की मांग करता है।'
आगे की राह
पाकिस्तान टीम सुपर-8 में पहुंच चुकी है, लेकिन प्रदर्शन पर सवाल बरकरार हैं। अफरीदी का मानना है कि असली परीक्षा बड़ी टीमों के खिलाफ होगी। अब सबकी निगाहें शादाब खान पर हैं, क्या वह आलोचकों को मैदान पर जवाब देंगे या बयानबाजी का सिलसिला जारी रहेगा? एक बात साफ है, पाकिस्तान क्रिकेट में यह बहस फिलहाल थमने वाली नहीं है।