एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट मुकाबलों का रोमांच चरम पर होगा। महिला और पुरुष वर्ग में एशिया की मजबूत टीमें पदक के लिए उतरेंगी। भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश समेत कई टीमों की टक्कर पर नजर रहेगी। महिला मुकाबले 17 सितंबर से, जबकि पुरुष क्रिकेट 24 सितंबर से शुरू होगा।
एशियाई खेलों को शुरू होने में अब बस कुछ ही दिनों का वक्त रह गया है। वैसे तो इन खेलों में हर स्पर्धा दिलचस्प होती है, लेकिन फैंस को बेसब्री क्रिकेट को लेकर सबसे ज्यादा है। भारतीय पुरुष और महिला, दोनों क्रिकेट टीमें स्वर्ण का बचाव करने उतरेंगी। 2023 एशियाई खेलों में ऋतुराज गायकवाड़ की अगुआई में पुरुष क्रिकेट टीम ने स्वर्ण जीता था, जबकि स्मृति मंधाना की अगुआई में महिला क्रिकेट टीम ने भी स्वर्ण पर कब्जा जमाया था। इस बार भी दोनों वर्गों में स्वर्ण की ही आस है।
विज्ञापन
हालांकि, भारतीय टीम के लिए अभियान आसान नहीं रहने वाला है। इस सफर को दोनों ही वर्गों में भारत को श्रीलंका, पाकिस्तान और बांग्लादेश जैसी टीमों से कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ सकता है। पुरुषों में अफगानिस्तान भी मजबूत दावेदार है। पिछले एशियाई खेलों में अफगानिस्तान की टीम फाइनल में पहुंची थी। आइए एक-एक करके दोनों ही वर्गों के सभी देशों के स्क्वॉड, शेड्यूल, फॉर्मेट पर नजर डालते हैं...
महिला क्रिकेट
- फोटो : @ACCMedia1
एशियन गेम्स 2026 : महिला क्रिकेट प्रतियोगिता
आठ टीमें लेंगी हिस्सा
एशियन गेम्स 2026 की महिला क्रिकेट प्रतियोगिता में कुल आठ टीमें हिस्सा लेंगी। टूर्नामेंट का आयोजन नॉकआउट प्रारूप में होगा। मुकाबले क्वार्टर फाइनल से शुरू होंगे और इसके बाद सेमीफाइनल तथा पदक मुकाबले खेले जाएंगे।
मेजबान जापान को सीधे प्रतियोगिता में जगह मिली है। क्षेत्र की चार पूर्ण सदस्य टीमें भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका भी सीधे टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई हुईं।
बाकी तीन स्थानों के लिए छह टीमों के बीच 26 से 31 मई तक मलयेशिया के कुआलालंपुर में क्वालिफायर खेला गया। छह टीमों को तीन-तीन के दो ग्रुप में बांटा गया था। दोनों ग्रुप से शीर्ष दो टीमों ने सेमीफाइनल में जगह बनाई।
क्वालिफायर में थाईलैंड विजेता, मलयेशिया उपविजेता और चीन तीसरे स्थान पर रहा। इन तीनों टीमों ने एशियन गेम्स के लिए क्वालिफाई किया।
निस्शिन में होगा महिला क्रिकेट का पूरा आयोजन
महिला क्रिकेट प्रतियोगिता के सभी मुकाबले निस्शिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले जाएंगे। मुकाबले स्थानीय समयानुसार सुबह 9 बजे और दोपहर 2 बजे शुरू होंगे। भारतीय समयानुसार सुबह वाले मुकाबले सुबह 5:30 बजे, जबकि दोपहर वाले मुकाबले सुबह 10:30 बजे शुरू होंगे।
भारत समेत चार टीमों को सीधे क्वार्टर फाइनल में जगह
एशियन गेम्स 2026 की पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता टी20 प्रारूप में खेली जाएगी। प्रतियोगिता 24 सितंबर से तीन अक्तूबर 2026 तक चलेगी।
सभी मुकाबले जापान के आइची प्रांत के निस्शिन स्थित कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले जाएंगे। इस प्रतियोगिता में कुल 10 टीमें हिस्सा लेंगी। टूर्नामेंट को प्रारंभिक ग्रुप चरण और नॉकआउट चरण में बांटा गया है।
आईसीसी रैंकिंग के आधार पर चार शीर्ष वरीयता प्राप्त टीमों भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका को सीधे क्वार्टर फाइनल में प्रवेश मिला है।
बाकी छह टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है। दोनों ग्रुप में तीन-तीन टीमें हैं और प्रारंभिक चरण में हर टीम अपने ग्रुप की बाकी दोनों टीमों से एक-एक मुकाबला खेलेगी।
ग्रुप ए: अफगानिस्तान, जापान, नेपाल
ग्रुप बी: हॉन्गकॉन्ग चीन, मलयेशिया, ओमान
प्रारंभिक चरण के मुकाबले 24 से 26 सितंबर तक खेले जाएंगे। दोनों ग्रुप की शीर्ष दो टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंचेंगी।
फिर नॉकआउट मुकाबले खेले जाएंगे।
24 सितंबर से शुरू होगा मुकाबला
पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता का पहला मुकाबला 24 सितंबर को अफगानिस्तान और जापान के बीच होगा। उसी दिन हॉन्गकॉन्ग चीन और मलयेशिया की टीमें भी आमने-सामने होंगी।
25 सितंबर को हॉन्गकॉन्ग चीन का सामना ओमान से और अफगानिस्तान का सामना नेपाल से होगा। प्रारंभिक चरण के मुकाबले 26 सितंबर को जापान-नेपाल और मलयेशिया-ओमान मैच के साथ समाप्त होंगे।
इसके बाद 28 और 29 सितंबर को क्वार्टर फाइनल खेले जाएंगे। सेमीफाइनल एक अक्तूबर को होगा, जबकि कांस्य पदक और स्वर्ण पदक मुकाबले तीन अक्तूबर को खेले जाएंगे।