अजिंक्य रहाणे ने अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज में भारत के टॉप-3 में कोई बदलाव नहीं करने की सलाह दी है। उन्होंने संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन को विश्व कप वाला संयोजन बनाए रखने की बात कही। रहाणे ने वैभव सूर्यवंशी को लेकर कहा कि युवा बल्लेबाज को आगे पर्याप्त मौके मिलेंगे।
अफगानिस्तान के खिलाफ रविवार से शुरू होने वाली घरेलू टी20 सीरीज से पहले भारत के टॉप-ऑर्डर को लेकर चर्चा तेज है। ऐसे में पूर्व भारतीय बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने टीम प्रबंधन को साफ सलाह दी है। उनका मानना है कि भारत को टी20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करने वाले संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन के टॉप-तीन संयोजन के साथ ही आगे बढ़ना चाहिए।
विज्ञापन
रहाणे ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, 'मुझे लगता है कि टॉप-तीन वही होना चाहिए जो विश्व कप में खेला था। सैमसन ने अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन दो या तीन खराब पारियों के बाद उन्हें बाहर कर दिया गया। मैं चाहता हूं कि उन्हें एक और मौका मिले। अभिषेक और ईशान ने भी हमारे लिए अच्छा प्रदर्शन किया था।'
संजू सैमसन-अभिषेक शर्मा
- फोटो : PTI
सैमसन की वापसी से मजबूत होगी टीम
संजू सैमसन को इंग्लैंड दौरे पर कुछ कम स्कोर के बाद टी20 टीम से बाहर कर दिया गया था। इसके बाद जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 मुकाबलों में उनकी जगह युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को पारी की शुरुआत करने का मौका मिला था। मैनचेस्टर में सूर्यवंशी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण भी किया। हालांकि, अब अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू सीरीज के लिए सैमसन की टीम में वापसी हुई है। रहाणे ने इस वापसी का स्वागत करते हुए उन्हें मैच विजेता बताया। उन्होंने कहा, 'मैं संजू सैमसन की टीम में वापसी देखकर खुश हूं। वह विश्व कप में मैन ऑफ द सीरीज थे। उनके लिए चीजें ऊपर-नीचे रही हैं और कुछ ऐसी बातें भी उनके साथ हुईं, जो उनके नियंत्रण में नहीं थीं। लेकिन वह मैच विजेता हैं और उनकी वापसी से टीम मजबूत होती है।'
वैभव सूर्यवंशी
सूर्यवंशी को लेकर रहाणे ने क्या कहा?
सैमसन की वापसी का मतलब यह हो सकता है कि 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को फिलहाल नियमित प्लेइंग-11 में जगह के लिए इंतजार करना पड़े। हालांकि, रहाणे का मानना है कि युवा बल्लेबाज को अपने आक्रामक अंदाज में कोई बड़ा बदलाव करने की जरूरत नहीं है। रहाणे ने कहा, 'मुझे लगता है कि उसे अभी सिर्फ अपना खेल खेलना चाहिए। जिस खेल की वजह से वह भारतीय टीम में आया है, उसे उसी पर भरोसा करना चाहिए। यह उसके करियर और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अभी बहुत शुरुआती दौर है। अभी उसे ज्यादा सोचने की जरूरत नहीं है और उसे खुलकर खेलने देना चाहिए।' उन्होंने आगे कहा, 'दो या तीन साल बाद जब वह लगातार खेलेगा तो उसके खेल में बदलाव आएगा। उसके लिए संतुलन बनाए रखना महत्वपूर्ण होगा। क्रिकेट कौशल के अलावा मैदान के बाहर भी संतुलित रहना जरूरी है। यह उसके लिए एक चुनौती होगी।'
वैभव सूर्यवंशी
- फोटो : IANS
घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में दिखा चुका है दम
रहाणे ने सूर्यवंशी की बल्लेबाजी की निरंतरता का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि युवा बल्लेबाज ने आईपीएल में लगातार रन बनाने के अलावा भारत ए और ईस्ट जोन के लिए भी अच्छा प्रदर्शन किया है। रहाणे ने कहा, 'अगर हम क्रिकेट कौशल की बात करें तो हमने देखा है कि उसने आईपीएल में कितना अच्छा प्रदर्शन किया और लगातार रन बनाए। उसने भारत ए के लिए भी रन बनाए और दलीप ट्रॉफी में ईस्ट जोन के लिए भी रन बनाए। उसने निरंतरता दिखाई है।' उन्होंने कहा, 'उसके लिए सबसे जरूरी चीज मानसिक रूप से संतुलित और स्थिर रहना होगी, ताकि वह उसी तरह खेलता रहे जैसा अभी खेल रहा है। हां, उसे अपने खेल में कुछ बदलाव करने होंगे, लेकिन उसके पास इसके लिए काफी समय है।'
अफगानिस्तान के खिलाफ रविवार से सीरीज
भारत और अफगानिस्तान के बीच टी20 सीरीज की शुरुआत रविवार को नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होगी। इसके बाद दोनों टीमें सीरीज के बाकी मुकाबलों में आमने-सामने होंगी। अब नजरें इस बात पर रहेंगी कि टीम प्रबंधन रहाणे की सलाह के मुताबिक सैमसन, अभिषेक और ईशान के संयोजन पर भरोसा करता है या सूर्यवंशी को एक और मौका देता है।