फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आईसीसी वनडे रैंकिंग: अफगानिस्तान को मिला लगातार बेहतर प्रदर्शन का इनाम, छठे स्थान पर पहुंची राशिद खान की टीम

Mon, 02 Nov 2026 05:06 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

अफगानिस्तान ने आईसीसी की ताजा वनडे रैंकिंग में छठा स्थान हासिल कर लिया है। यह वनडे क्रिकेट में टीम की अब तक की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है। अफगानिस्तान ने श्रीलंका को पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की। 

विज्ञापन
अफगानिस्तान टीम - फोटो : IANS
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अफगानिस्तान टीम ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। टीम ने आईसीसी की ताजा पुरुष वनडे टीम रैंकिंग में छठा स्थान हासिल कर लिया है, जो वनडे क्रिकेट के इतिहास में उसकी अब तक की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है। इस उपलब्धि के साथ अफगानिस्तान ने श्रीलंका को पीछे छोड़ दिया है।
विज्ञापन


इन टीमों को छोड़ा पीछे
अफगानिस्तान की टीम ने पिछले कुछ वर्षों में सीमित ओवरों के क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी अलग पहचान बनाई है। साल 2009 में अंतरराष्ट्रीय वनडे क्रिकेट में डेब्यू करने वाली अफगानिस्तान अब बांग्लादेश, इंग्लैंड और वेस्टइंडीज जैसी टीमों को भी रैंकिंग में पीछे छोड़ चुकी है। अफगानिस्तान की इस उपलब्धि के पीछे वनडे क्रिकेट में उसका लगातार बेहतर होता प्रदर्शन अहम रहा है। टीम ने अब तक खेले गए 191 वनडे मुकाबलों में से 96 में जीत दर्ज की है। उसका जीत-हार का अनुपात 1.09 रहा है।

विश्व कप में पाकिस्तान और श्रीलंका को दे चुकी है मात
अफगानिस्तान की टीम ने बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में भी अपनी क्षमता साबित की है। 2023 में भारत में खेले गए आईसीसी पुरुष वनडे विश्व कप में अफगानिस्तान ने पाकिस्तान और श्रीलंका जैसी मजबूत टीमों को हराकर सभी का ध्यान खींचा था। इन जीतों ने साबित किया कि टीम अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किसी भी बड़ी टीम को चुनौती देने में सक्षम है। वनडे के अलावा टी20 क्रिकेट में भी अफगानिस्तान ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। टीम 2024 में पहली बार आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंची थी।
विज्ञापन


आयरलैंड के खिलाफ 4-0 से जीती सीरीज
अफगानिस्तान का हालिया प्रदर्शन भी शानदार रहा है। टीम ने आयरलैंड के खिलाफ उसकी धरती पर खेली गई सीरीज में 4-0 से क्लीन स्वीप किया। इसके बाद जिम्बाब्वे और बांग्लादेश के साथ खेली गई त्रिकोणीय सीरीज में भी अफगानिस्तान अजेय रही। टीम का शानदार प्रदर्शन टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी जारी है। अफगानिस्तान ने रविवार को शारजाह में जिम्बाब्वे को तीसरे टी20 मुकाबले में सात विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली।

नूर अहमद ने झटके पांच विकेट
तीसरे टी20 मुकाबले में अफगानिस्तान की जीत के हीरो बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर नूर अहमद रहे। उन्होंने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 13 रन देकर पांच विकेट हासिल किए और जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। जिम्बाब्वे की टीम अफगानिस्तान के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और महज 79 रन पर ऑलआउट हो गई। फजलहक फारूकी, अजमतुल्लाह उमरजई और अब्दुल्ला तराखिल ने भी शुरुआती विकेट लेकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। जिम्बाब्वे ने 13 रन के स्कोर तक अपने तीन विकेट गंवा दिए थे और इसके बाद टीम वापसी नहीं कर सकी।

11.4 ओवर में हासिल किया लक्ष्य
80 रन के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान की टीम ने 11.4 ओवर में ही तीन विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। इब्राहिम जादरान 25 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि अजमतुल्लाह उमरजई ने नाबाद 18 रन का योगदान दिया। अफगानिस्तान ने सीरीज के शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर पहले ही सीरीज में अजेय बढ़त बना ली थी। दूसरे टी20 में उमरजई ने 50 गेंदों पर 116 रन की विस्फोटक पारी खेलकर टीम को 19 रन से जीत दिलाई थी। वहीं, सीरीज के पहले मुकाबले में कप्तान राशिद खान के हरफनमौला प्रदर्शन की बदौलत अफगानिस्तान ने 37 रन से जीत दर्ज की थी। वनडे रैंकिंग में छठे स्थान पर पहुंचना अफगानिस्तान क्रिकेट के बढ़ते कद और पिछले कुछ वर्षों में टीम की निरंतर प्रगति का बड़ा प्रमाण है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें