दिल्ली हाईकोर्ट ने भारतीय क्रिकेटर अभिषेक शर्मा को पर्सनैलिटी राइट्स मामले में राहत देते हुए कहा कि वह उनकी छवि और व्यक्तित्व का कथित दुरुपयोग करने वाली विभिन्न आपत्तिजनक पोस्ट और लिंक हटाने के लिए अंतरिम आदेश पारित करेगा। इस मामले में अदालत ने समन भी जारी किया है। कोर्ट अभिषेक शर्मा की उस याचिका पर सुनवाई कर रहा है, जिसमें उन्होंने अपने पर्सनैलिटी राइट्स के संरक्षण की मांग की है।
अभिषेक शर्मा के वकील ने कोर्ट में क्या बताया?
अभिषेक शर्मा की ओर से पेश वकील ने यूआरएल की जानकारी के साथ अतिरिक्त हलफनामा दाखिल किया। उन्होंने अदालत को बताया कि कुछ पोस्ट हटाई जा चुकी हैं, लेकिन फेसबुक और इंस्टाग्राम पर अभी भी दो ऐसी पोस्ट मौजूद हैं, जिनमें क्रिकेटर के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया है। वकील ने यह भी कहा कि अमेजन और फ्लिपकार्ट पर अभिषेक शर्मा की अनुमति के बिना उनकी छवि का व्यावसायिक इस्तेमाल किया गया है और संबंधित सामग्री अब तक नहीं हटाई गई है।