दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान एबी डिविलियर्स ने 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को लगातार प्लेइंग-11 से बाहर रखने के फैसले पर सवाल उठाए हैं। उनका मानना है कि आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले इस युवा बल्लेबाज को आयरलैंड दौरे पर ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में मौका मिल जाना चाहिए था। वैभव को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए टीम इंडिया में शामिल किया गया था, लेकिन अब तक वह सिर्फ बेंच पर बैठे नजर आए हैं। आयरलैंड के खिलाफ दोनों टी20 और इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 में भी उन्हें अंतिम एकादश में जगह नहीं मिली।
'आखिर वैभव को कब मौका मिलेगा?'
- अपने यूट्यूब चैनल पर डिविलियर्स ने टीम मैनेजमेंट के फैसले पर असहमति जताते हुए कहा, 'आखिर वैभव सूर्यवंशी को कब मौका मिलेगा? मुझे लगा था कि आयरलैंड सीरीज उनके लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का अनुभव लेने का सबसे अच्छा अवसर थी। दुर्भाग्य से उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला।'
- उन्होंने आगे कहा, 'मैं रेयान टेन डेशकाटे की इस बात से सहमत नहीं हूं कि सूर्यवंशी को भी दूसरे खिलाड़ियों की तरह पूरी प्रक्रिया से गुजरना चाहिए। आईपीएल में जिस तरह का प्रदर्शन उन्होंने किया, उसके बाद समय आ गया था कि उन्हें सीधे चुनौतीपूर्ण माहौल में उतारा जाए, खासकर आयरलैंड जैसी टीम के खिलाफ।'
रेयान टेन डेशकाटे ने क्या कहा था?
आयरलैंड सीरीज के दौरान भारत के सहायक कोच रयान टेन डोशेट ने कहा था कि वैभव को अपने मौके का इंतजार करना होगा। उनके मुताबिक टीम मैनेजमेंट संजू सैमसन के साथ निष्पक्ष रहना चाहता था, क्योंकि उन्होंने इसी साल भारत को टी20 विश्व कप जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। हालांकि अब संजू सैमसन लगातार तीन पारियों में बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे हैं, जिससे वैभव को मौका देने की मांग तेज हो गई है।
आईपीएल में मचाया था धमाल
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए शानदार प्रदर्शन करते हुए 776 रन बनाए थे। इसके बाद उन्होंने लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक जड़कर भी सुर्खियां बटोरी थीं। यही वजह है कि क्रिकेट विशेषज्ञ लगातार उन्हें टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में शामिल करने की मांग कर रहे हैं।
टीम इंडिया को दी सलाह
डिविलियर्स ने भारत की हालिया फॉर्म पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा, 'टीम इंडिया को अभी काफी काम करने की जरूरत है। उसे फिर से खुद को संभालना होगा और ब्रिटेन की परिस्थितियों के अनुसार अपनी रणनीति तैयार करनी होगी। वहां बल्लेबाजी आईपीएल जैसी नहीं होती। हर मैच में 250 या 260 रन नहीं बनते। कई बार 140 या 160 रन का स्कोर भी जीत के लिए काफी होता है।' भारत को हाल ही में आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 सीरीज में 0-2 से हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, इंग्लैंड के खिलाफ पहला टी20 बारिश के कारण रद्द हो गया। अब दोनों टीमें 4 जुलाई को मैनचेस्टर में दूसरे टी20 में आमने-सामने होंगी।