भारतीय क्रिकेट के दिग्गज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने पाकिस्तान के खिलाफ अंडर-19 एशिया कप फाइनल में अपने प्रदर्शन से सबका ध्यान खींचा। 338 रन के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करते हुए आर्यवीर ने 58 रन की शानदार पारी खेली। इस दौरान उन्होंने चोट और दर्द की परवाह किए बिना बल्लेबाजी जारी रखी। अर्धशतक पूरा करने के बाद उनका जश्न भी चर्चा में रहा। आर्यवीर ने विराट कोहली के उस खास अंदाज को दोहराया, जिसमें बल्लेबाज अपने बल्ले से जवाब देने का इशारा करता है। बेटे की इस पारी और टूर्नामेंट में प्रदर्शन के बाद पिता वीरेंद्र सहवाग और मां आरती सहवाग भी भावुक नजर आए।
आर्यवीर का कोहली जैसा जश्न
- फोटो : Twitter
विराट कोहली के अंदाज में आर्यवीर का जश्न
आर्यवीर ने पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में 50 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद उन्होंने विराट कोहली के चर्चित 'बल्ले से जवाब देने' वाले अंदाज में जश्न मनाया। कोहली ने 16 दिसंबर 2018 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ टेस्ट में अपना 25वां टेस्ट शतक पूरा करने के बाद ऐसा ही इशारा किया था। आर्यवीर का यह अंदाज देखकर फैंस को कोहली की याद आ गई।
15 वर्षीय आर्यवीर ने इस मुकाबले में सिर्फ रन ही नहीं बनाए, बल्कि मुश्किल हालात में धैर्य और हिम्मत भी दिखाई। पाकिस्तान के तेज गेंदबाज अली रजा की अंदर आती गेंद उनके हाथ के अगले हिस्से यानी फोरआर्म पर लगी। चोट के बाद वह दर्द में नजर आए और फिजियो को मैदान पर आना पड़ा। उनके हाथ पर पट्टी बांधी गई, लेकिन आर्यवीर ने बल्लेबाजी जारी रखने का फैसला किया। दिलचस्प बात यह रही कि चोट के बाद उन्होंने अगली ही गेंद पर शानदार चौका जड़ दिया। बल्लेबाजी के दौरान उन्हें परेशानी भी हुई और कई बार उन्होंने बल्ले से नीचे वाला हाथ हटाकर शॉट खेले, लेकिन अपना आक्रामक अंदाज नहीं छोड़ा।
आर्यवीर सहवाग
- फोटो : BCCI
कप्तान के साथ 97 रन की साझेदारी
भारत को 338 रन के लक्ष्य तक पहुंचाने के लिए अच्छी शुरुआत की जरूरत थी। आर्यवीर ने कप्तान लक्ष्य रायचंदानी के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 97 रन जोड़े। जहां आर्यवीर ने आक्रामक बल्लेबाजी की, वहीं कप्तान ने दूसरे छोर से पारी को संभाला। आर्यवीर ने 61 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से 58 रन बनाए। उनकी पारी का अंत तब हुआ, जब वह स्पिनर निकाब शफीक के खिलाफ आगे बढ़कर बड़ा शॉट खेलने गए, लेकिन गेंद बल्ले के निचले हिस्से से लगकर हवा में चली गई। लॉन्ग ऑफ पर उस्मान खान ने उनका कैच लपक लिया। हालांकि, तब तक वह भारतीय टीम को मजबूत शुरुआत दिला चुके थे। टूर्नामेंट में भी आर्यवीर का प्रदर्शन शानदार रहा। पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल से पहले उन्होंने 70 रन की नाबाद पारी, 160 रन और 51 रन बनाए थे। इस तरह फाइनल में अर्धशतक लगाकर उन्होंने टूर्नामेंट में लगातार चौथी बार 50 या उससे ज्यादा रन का स्कोर बनाया।
सहवाग और आर्यवीर
- फोटो : Twitter
बेटे की पारी देख भावुक हुए वीरेंद्र सहवाग
आर्यवीर के प्रदर्शन के बाद उनके पिता और पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने सोशल मीडिया पर बेटे के साथ हुई बातचीत का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि फाइनल के रोमांचक पलों के दौरान आर्यवीर काफी नर्वस थे और लगातार 'सीता राम, सीता राम' का जाप कर रहे थे। वीरेंद्र के मुताबिक आर्यवीर ने उनसे कहा, ‘पापा, मैं बहुत घबराया हुआ था... बस सीता राम, सीता राम का जाप कर रहा था।’ उन्होंने कहा कि प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनने से लेकर फाइनल के रोमांचक पलों को याद करने तक, बेटे के साथ हुई बातचीत उनके लिए बेहद खास रही। सहवाग ने आगे लिखा, ‘कुछ पल पुरस्कारों, रनों और ट्रॉफियों से भी बड़े होते हैं। ये ऐसी यादें हैं, जिन्हें एक पिता हमेशा संजोकर रखेगा। तुम हमेशा जमीन से जुड़े रहो और अपनी मेहनत व प्रतिभा के दम पर आसमान छुओ।’
आर्यवीर सहवाग
- फोटो : ANI/Twitter
मां आरती ने भी जताया गर्व
आर्यवीर की मां आरती सहवाग ने भी बेटे के लिए भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने आर्यवीर के क्रिकेट सफर को याद करते हुए लिखा, ‘हाथों में बल्ला लिए एक छोटे से बच्चे से लेकर प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनने तक का सफर। मैंने हर दिन क्रिकेट के प्रति तुम्हारे प्यार को बढ़ते हुए देखा है, आरू। मुझे तुम पर और पूरी टीम पर गर्व है।’
आर्यवीर सहवाग
- फोटो : BCCI
आर्यवीर के लिए यह टूर्नामेंट कई मायनों में खास रहा। पिता वीरेंद्र सहवाग की तरह आक्रामक बल्लेबाजी, चोट के बावजूद फाइनल में संघर्ष और विराट कोहली के अंदाज में अर्धशतक का जश्न—इन सबने उनके प्रदर्शन को यादगार बना दिया। परिवार के लिए भी यह सिर्फ रनों और ट्रॉफी की खुशी नहीं, बल्कि बेटे को क्रिकेट के मैदान पर आगे बढ़ते देखने का खास पल रहा।