हर खिलाड़ी चाहता है कि उसका पहला मुकाबला यादगार बने, लेकिन इंग्लैंड के युवा गेंदबाज टॉम नॉर्टन ने तो डेब्यू मैच को ऐतिहासिक बना दिया। 18 साल के इस तेज गेंदबाज ने काउंटी चैंपियनशिप 2026 में ग्लैमोरगन के लिए खेलते हुए अपने फर्स्ट क्लास डेब्यू मैच में ही हैट्रिक ले ली। यह उपलब्धि इतनी खास है कि पिछले 120 साल में ऐसा पहली बार हुआ है।
लगातार तीन गेंदों पर तीन विकेट
- कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स में ग्लैमोरगन और समरसेट के बीच मुकाबला खेला जा रहा है।
- समरसेट की दूसरी पारी में टॉम नॉर्टन ने लगातार तीन गेंदों पर तीन बल्लेबाजों को आउट कर सनसनी मचा दी।
- उन्होंने जेम्स रियू, टॉम लैमोनबी और आर्ची वॉन को पवेलियन भेजा। आर्ची वॉन इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन के बेटे हैं।
- इसके बाद नॉर्टन ने विल स्मिड को भी आउट किया और दूसरी पारी में अपने चार विकेट पूरे कर लिए। समरसेट का स्कोर एक समय 32 रन पर छह विकेट हो गया था।
120 साल का इंतजार खत्म
- टॉम नॉर्टन अब काउंटी चैंपियनशिप डेब्यू मैच में हैट्रिक लेने वाले 1906 के बाद पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
- इससे पहले 1906 में डब्ल्यू.ई. बेन्स्किन ने लीसेस्टरशायर की ओर से एसेक्स के खिलाफ डेब्यू मैच में हैट्रिक ली थी। यानी क्रिकेट फैंस को ऐसा नजारा देखने के लिए पूरे 120 साल इंतजार करना पड़ा।
- नॉर्टन ग्लैमोरगन के लिए फर्स्ट क्लास डेब्यू पर हैट्रिक लेने वाले सबसे कम उम्र के गेंदबाज भी बन गए हैं।
कौन हैं टॉम नॉर्टन?
टॉम नॉर्टन इंग्लैंड क्रिकेट का उभरता हुआ नाम हैं। उनकी उम्र सिर्फ 18 साल है और उन्हें तेज रफ्तार तथा सटीक लाइन-लेंथ के लिए जाना जाता है। डेब्यू मैच में ऐसा प्रदर्शन किसी भी युवा खिलाड़ी के आत्मविश्वास को कई गुना बढ़ा देता है। अब नॉर्टन रातों-रात सुर्खियों में आ गए हैं।
मैच का हाल
समरसेट ने पहली पारी में 354 रन बनाए थे। जवाब में ग्लैमोरगन की टीम 229 रन पर ऑलआउट हो गई। पहली पारी में बढ़त लेने के बाद समरसेट मजबूत स्थिति में था, लेकिन दूसरी पारी में टॉम नॉर्टन की घातक गेंदबाजी ने मैच का रुख बदल दिया। नॉर्टन पहली पारी में तीन विकेट ले चुके थे, जबकि दूसरी पारी में चार विकेट लेकर मैच में कुल सात विकेट अपने नाम कर चुके हैं।