हमें इस तरह से काम नहीं करना चाहिए, जैसे कि बच्चों के जीवन मूल्य में कोई भेदभाव हो, जिसमें कुछ के जीवन का मोल हो और कुछ के जीवन का कोई महत्व ही न हो। मैंने जिन सहायता कार्यकर्ताओं का साक्षात्कार लिया है, वे इस बात पर पूरी तरह सहमत हैं कि इस्राइल ने भुखमरी को युद्ध के एक साधन के रूप में इस्तेमाल किया है। वारंट पर संदेह करने वाले अमेरिकियों का आवेग, गाजा पर इस्राइल के हमले से पहले हमास द्वारा सात अक्तूबर को किए गए अत्याचारों की क्रूरता को ध्यान में रखकर प्रतिक्रिया देगा। तटस्थ होकर आईसीसी ने मानवता के खिलाफ अपराधों के लिए हमास नेता के खिलाफ भी गिरफ्तारी वारंट जारी किया। प्रमुख मुद्दा यह है कि एक पक्ष द्वारा किए गए युद्ध अपराध दूसरे पक्ष द्वारा किए गए अतिरिक्त युद्ध अपराधों को उचित नहीं ठहराते। हमें हमास द्वारा किए गए हमलों की बर्बरता की एकजुट होकर निंदा करनी चाहिए, लेकिन वह बर्बरता गाजा में पूरे पड़ोस को नष्ट करने के लिए इस्राइल द्वारा अमेरिकी हथियारों के इस्तेमाल को माफ नहीं करती है। बाइडन ने रूस द्वारा नियम आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था के लिए पैदा की गई चुनौतियों के बारे में काफी कुछ कहा है, और यूक्रेन में रूसी बर्बरता के कारण ही व्लादिमीर पुतिन के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है। लेकिन अगर हम यूक्रेन में पुतिन द्वारा अंतरराष्ट्रीय कानून के उल्लंघन की निंदा करते हैं, तो हम उन हथियारों की आपूर्ति कैसे कर सकते हैं, जिनके उपयोग के बारे में अंतरराष्ट्रीय न्यायाधिकरण ने गाजा में मानवीय कानून का उल्लंघन बताया है?
इस्राइल अब पहले से कहीं ज्यादा अलग-थलग पड़ गया है और नेतन्याहू के लिए आगे शासन करना और भी मुश्किल हो जाएगा। अमेरिकियों को इस बात पर भी विचार करना चाहिए कि हम कैसे और ज्यादा अलग-थलग पड़ गए हैं, जैसा कि इस हफ्ते संयुक्त राष्ट्र के उस प्रस्ताव में झलकता है, जिसमें गाजा में तत्काल युद्ध विराम का आह्वान किया गया है। अमेरिका के सहयोगियों ने इसका समर्थन किया, लेकिन अमेरिका ने इस पर वीटो लगा दिया। जब अमेरिकी हथियारों का युद्ध अपराधों में इस्तेमाल किया जाता है, तो शायद अमेरिका के लिए अपनी नीति पर पुनर्विचार करने का समय आ गया है।