फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जब आप कत्ल करना सीखते हैं!

Sat, 13 Apr 2013 10:12 PM IST
कोलिन डन
विज्ञापन
विज्ञापन
आज भी अपने थ्रिलर में कत्ल के रोमांचक तरीके सोचता हूं तो जेहन में सबसे ज्यादा उसी का ख्याल आता है। वह कहानी सुनता और मुझे तुरंत सुझाव देता ''दुश्मन तुम्हारे सामने खड़ा है, तुम्हारे पास कोई हथियार नहीं है। तो तुमको अब ये करना है...''  लगभग 30 साल तक थ्रिलर दिलचस्प बनाने में कूटी ने मुझे सलाह दी। ऐसे उपन्यासों में हीरो हर वक्त अपने साथ तमंचा लेकर घूमता है।
विज्ञापन


नामुमकिन लगने वाले कारनामे अंजाम देता है, यही नहीं महिलाएं भी उस पर फिदा होने लगती हैं। खैर इस विषय में मैं अपनी कल्पना से काम चला लेता था, लेकिन एक्शन के सस्पेंस और थ्रिल के लिए मैं कूटी के भरोसे रहता था। फिलहाल मेरी चार थ्रिलर ई-रीडर्स के लिए फिर से पब्लिश हो रही हैं। जिसने मेरी सबसे ज्यादा मदद की, उसे श्रेय देने के लिए ये वक्त बिल्कुल मुफीद है। मेरी किताबें उसकी शखि्सयत, उसके तजुर्बे और उसके हुनर से भरी पड़ी हैं।

मैं यह बताना भूल गया कि जितने लोगों से आज तक मिला हूं वह उनमें से सबसे भयावह था। मैं थ्रिलर में हमेशा कत्ल वाले हालात के बारे में नहीं सोचता था। कभी-कभी थोड़ा डरावना टाइप का सीन बनाना होता था जिसमें थोड़ा-बहुत डर लगे, थोड़ी सी हिंसा हो और कूटी के पास हमेशा उसका माकूल जवाब होता था। बहुत साल खुफिया तौर पर काम करने के बाद वह मेरे संपर्क में आया। तब बतौर पत्रकार मैंने ब्रिटिश सेना की स्पेशल एअर सर्विस (एसएएस) के बारे में लिखा था। कूटी ने वह लेख देखा और मुझे कॉल कर कहा कि वह मेरी मदद कर सकता है।
विज्ञापन


उसका असल मकसद तो यह जानना था कि मैं क्या लिखूंगा। एसएएस के बारे में लोग कई तरह की फैंटेसी सोचा करते थे। कभी-कभी उसके बारे में मेरी सोच भी यही होती थी। जब वो बात करता था तो मेरे रौंगटे खड़े होने लगते थे। एक वकील ने उससे जुड़ा वाकया मुझे बताया। सुदूर पूर्व में एक एंटी टेरेरिस्ट ऑपरेशन के आतंकवादियों ने चेतावनी देते हुए उसका घर जला दिया था। अगली रात कूटी उनके नेता को उठा लाया और घर के मेन गेट पर बांध दिया और अब तक जो आतंकी धमकी दे रहा था, उसकी साख पर बट्टा लग गया। कूटी हमेशा खुफिया तरीके से रहता था, बिना नाम, बिना ठिकाने के।

सेना में अपने 20 साल के शानदार करियर में वह सर्जेन्ट की पदवी तक पहुंचा। उसकी छवि ऐसे सैनिक की थी, जो हर काम करने में सक्षम था और उसे इसका गर्व भी था। उसने रुपर्ट मरडोक और रॉबर्ट मैक्सवेल दोनों के लिए काम किया। मैक्सवेल का एक कर्मी कूटी की पृष्ठभूमि के बारे में पता चलने पर हैरान था। वह कहने लगा कि ये लोग कत्ल करने वाले उन्मादियों से कम नहीं हैं। इतना कहना था कि कूटी ने उसे कॉलर से पकड़कर हवा में उछाल दिया। कर्मी की जेब में रखे पैसे, पेन और पेंसिलें जमीन पर बिखर गए।

इसके बाद उसने बड़े आराम से उसे खड़ा कर दिया और कहा कि ''मेरे साथियों से तुम्हें इतना खफा नहीं होना चाहिए।'' वह 'रिट्रीवल' पर भेजी गई टीम का भी हिस्सा था। यह टीम भगोड़ों को देश वापिस लाती थी। रोम में ऐसे ही एक आदमी को घर से बाहर निकालना था। वह अठारहवीं सदी के घर में रहता था, जिसमें लोहे का बड़ा सा गेट लगा था। यह गेट आगरोधक था, लेकिन कूटी जानता था कि गेट बनाते वक्त बढ़ई ने उसमें थोड़ी सी खाली जगह छोड़ दी थी।

बस फिर क्या था कूटी उसी जगह से गेट में घुसा। औजार डालकर गेट खोल दिया। घर में वह आदमी सो रहा था। सोते में ही उसे इन्जेक्शन लगाकर कूटी कंधों पर उठा लाया। कूटी के सभी किस्से, भयावह मजाक मेरी थ्रिलर का हिस्सा बने। इसमें हत्या का वह तरीका भी शामिल था, जिसमें एक उंगली से किसी को मारा जा सकता है। जब वह डरावना नहीं होता था तब उसके साथ बहुत मजा आता था। एक दिन अचानक खबर मिली। कूटी नहीं रहा। मैं सहसा थम गया। एक ऐसा शख्स, जिसने पेशेवर तौर पर कई बार मौत बेहद करीब से देखी थी आखिरकार उसकी आगोश में समा गया। थ्रिलर में कत्ल और सस्पेंस वाले रोमांचक सीन जब सोचता हूं तो उसकी कमी खलती है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें