द नेक्स्ट कन्वर्सेशन के लेखक जेफरसन फिशर कहते हैं कि किसी व्यक्ति का नाम लेना उसका ध्यान आकृष्ट करने का सबसे आसान तरीका है। ज्यादातर लोग अपना नाम सुनते ही रुक जाते हैं और आपको बोलने का मौका मिल जाता है। अगर एक बार में काम न बने, दो दूसरी बार शांति से प्रयास करें, लेकिन हाथ उठाकर ‘टॉक टू द हैंड’ की तरह नहीं, जो धमकी की तरह लगे। बीच में टोकते हुए आप कहें, 'माफ कीजिएगा, मैं कुछ कहना चाहता हूं।' ऐसे में वह आप पर बीच में टोकने का इल्जाम नहीं लगा सकता, क्योंकि आपने इसकी स्वीकृति ली है। मगर आपका अंदाज गर्मजोशी भरा, दृढ़ व शांत होना चाहिए।'
एमोरी यूनिवर्सिटी के गोइजुएटा बिजनेस स्कूल में प्रबंधन संचार की एसोसिएट प्रोफेसर निक्की ग्रेव्स ने कहा, ऐसे एकतरफा बोलने वाले व्यक्ति के सामने आप शांत, स्थिर और तटस्थ लहजे में तब तक बोलते रहें, जब तक वह खुद पीछे न हट जाए। फिशर कहते हैं कि ऐसे लोगों का ध्यान खींचने के लिए 'मैं यह कहने के लिए बाध्य हूं' जैसे वाक्यांश से शुरुआत करना असरदार होता है। मसलन, आप कह सकते हैं-'मुझे यह स्पष्ट करना है।' 'मुझे इसमें कुछ और जोड़ना है।' 'मुझे आपको यहीं रोकना पड़ेगा।' इस तरह आप बिना टकराव के बातचीत पर नियंत्रण पा सकते हैं। अगर कोई सहकर्मी मीटिंग में अकेले बोल रहा हो, तो फिशर के अनुसार, आप उसकी बातों को संक्षेप में दोहराकर आगे की चर्चा के लिए किसी दूसरे को आमंत्रित कर सकते हैं। जैसे, 'मैं इस विषय पर अपने दूसरे साथी के विचार भी जानना चाहूंगा।'
थेरेपिस्ट टॉड बरात्ज कहते हैं कि अगर कोई व्यक्ति आपमें दिलचस्पी नहीं दिखा रहा हो और लगातार अपनी ही सुना रहा हो, तो बातचीत खत्म करना ही ठीक है। इसके लिए सिर्फ 'मुझे जाना होगा' कहना पर्याप्त है, अथवा कोई बहाना बना दें।